
ग्राम भेदली में वीरांगना अवंती बाई लोधी की 168वीं जयंती एवं बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया
कवर्धा (छत्तीसगढ़)। लोधी समाज कवर्धा राज के जिंदा सर्किल के अंतर्गत आने वाले ग्राम भेदली, मिर्मिट्टी, जिंदा, बाहरमुड़ा, दशरंगपुर, इंदौरी एवं नौघटा के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम भेदली में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अवंती बाई लोधी की 168वीं जयंती एवं बलिदान दिवस बड़े ही श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित होकर वीरांगना के शौर्य और बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अवंती बाई लोधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन आज भी समाज और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वक्ताओं ने समाज में एकता, शिक्षा और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही यह भी संकल्प लिया गया कि आने वाली पीढ़ियों को वीरांगना अवंती बाई लोधी के इतिहास और उनके आदर्शों से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वीरांगना के आदर्शों पर चलने और समाज के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।



