
कुमार सिंग माठले की रिपोर्ट देवसरा जंगल क्षेत्र में स्थित देवसरा बांध के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 68 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर शव को दफना दिया गया था। मृतक की पहचान दामोदर सिंह राजपूत, पिता बारे लाल राजपूत, निवासी झाफल के रूप में हुई है। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, यह हत्या जमीन संबंधी विवाद के चलते की गई। आरोपी संजय यादव, पिता लल्लू राम यादव, निवासी झाफल ने 21 मार्च को दामोदर सिंह की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के उद्देश्य से देवसरा जंगल में स्थित बांध के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया था, ताकि घटना का कोई सुराग न मिल सके।मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी संजय यादव से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने देवसरा बांध के पास खुदाई कर शव बरामद किया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





