
कवर्धा में NGO के नाम पर बड़े भ्रष्टाचार का जल्द होगा खुलासा।
कवर्धा। कवर्धा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित एक गैर-सरकारी संस्था (NGO) के खिलाफ गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। संस्था पर HIV/एड्स जागरूकता एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के नाम पर प्राप्त अनुदान राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हितग्राहियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ नहीं पहुंच पाया है।
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित संस्था द्वारा दस्तावेजों में योजनाओं की प्रगति दर्शाते हुए फर्जीवाड़ा किए जाने की आशंका है, जबकि जमीनी स्तर पर कई कार्य अधूरे या पूरी तरह से शून्य पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि एक कर्मचारी द्वारा एक ही समय पर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यरत दिखाकर दोनों जगह से मानदेय प्राप्त किया जा रहा था, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा, कुछ कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति न होने के बावजूद उपस्थिति रजिस्टर संधारित कर वेतन आहरित किए जाने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि फर्जी नामों से भुगतान कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया।



