कबीरधामछत्तीसगढ़

धान खरीदी आज से, लेकिन महीडबरा समिति में ताला—कर्मचारियों की हड़ताल से तैयारी अधूरी

धान खरीदी आज से, लेकिन महीडबरा समिति में ताला—कर्मचारियों की हड़ताल से तैयारी अधूरी

कुई-कुकदुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी की आधिकारिक शुरुआत तय है, लेकिन खरीदी से ठीक पहले कुकदुर तहसील स्थित महीडबरा सेवा सहकारी समिति में ताला लटका मिला। सहायक प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर और प्यून सहित सहकारी समितियों के कर्मचारी 3 नवंबर से चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।

हड़ताल का असर इस बार धान खरीदी व्यवस्था पर सीधा दिखाई देने लगा है। इतिहास में पहली बार पंचायत सचिवों, पटवारी और आरआई तक को धान खरीदी की ड्यूटी सौंपी गई है। इन कर्मचारियों को खरीदी प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि खरीदी कार्य किसी तरह चल सके।

फिर भी स्थिति स्पष्ट है—तैयारी पूरी नहीं दिख रही है। समितियों में रिकॉर्ड अपडेट, तौल-तमा-पट्टी संचालन, भुगतान प्रक्रिया और आईटी-संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी जिन्हें मिलती थी, वही कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ऐसे में खरीदी आधी-अधूरी तैयारी के बीच शुरू होगी, जिससे प्रारंभिक दिनों में अव्यवस्था की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

उधर प्रशासन का दावा है कि धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। अधिकारी कह रहे हैं कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। लेकिन ज़मीनी हालात और समितियों में बंद तालों की तस्वीरें इस दावा पर सवाल भी खड़े कर रही हैं।

किसान अब प्रशासनिक इंतज़ाम और कर्मचारियों की हड़ताल के बीच, खरीदी के पहले दिन की वास्तविक तस्वीर का इंतज़ार कर रहे हैं।

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button