
कवर्धा RTO की व्यवस्था से आम जनता परेशान, फिटनेस सुविधा बंद होने से बढ़ी मुश्किलें।
कवर्धा –कवर्धा स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में कवर्धा में वाहन फिटनेस जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण वाहन मालिकों को रायपुर, दुर्ग, कोरबा और बिलासपुर जैसे दूरस्थ शहरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
इस व्यवस्था से सबसे अधिक प्रभावित गरीब और मध्यमवर्गीय वाहन मालिक हैं। जहां एक ओर फिटनेस शुल्क सीमित है, वहीं दूसरी ओर वाहन को दूसरे जिले ले जाने और वापस लाने में होने वाला खर्च कई गुना बढ़ जाता है। इससे लोगों की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
विशेष रूप से किसान वर्ग भी इस समस्या से जूझ रहा है। अपने ट्रैक्टरों की फिटनेस कराने के लिए उन्हें दूर-दराज के शहरों तक जाना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद यह निश्चित नहीं होता कि उनका कार्य समय पर और सही तरीके से हो पाएगा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिवहन विभाग के नए नियमों के कारण आमजन की परेशानियां और बढ़ गई हैं। अधिकारियों की मनमानी और दबाव के चलते वाहन मालिकों को अनावश्यक रूप से नियमों के जाल में फंसाया जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की जा रही है कि कवर्धा RTO में शीघ्र ही वाहन फिटनेस जांच की सुविधा पुनः प्रारंभ की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से दूसरे शहरों के चक्कर न लगाने पड़ें।



