
बिजली विभाग की लापरवाही ने ली संविदा कर्मचारी की जान! गलत फीडर बंद करने की सूचना देकर ऑपरेटर ने कर्मचारी को मौत के मुंह में धकेला?
कवर्धा/पांडातराई। विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। कुसुमघटा सबस्टेशन के ऑपरेटर की कथित लापरवाही के चलते विद्युत विभाग में पदस्थ एक संविदा कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक कर्मचारी की पहचान मानक पटेल के रूप में हुई है, जो वितरण केंद्र पांडातराई, संभाग पंडरिया में पदस्थ थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भलपहरी (पांडातराई) में सुबह करीब 10:30 बजे मानक पटेल डी.ओ. (ड्रॉप आउट फ्यूज) चढ़ाने का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि भलपहरी क्षेत्र की विद्युत लाइन कुसुमघटा सबस्टेशन से संचालित होती है। कार्य के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित विद्युत लाइन को बंद कराया जाना था।
आरोप है कि कुसुमघटा सबस्टेशन में तैनात ऑपरेटर ने संबंधित फीडर बंद करने के बजाय गलती से दूसरे फीडर को बंद कर दिया और कर्मचारी को गलत लाइन बंद होने की जानकारी दे दी। इसी कथित चूक के कारण लाइन में विद्युत प्रवाह बना रहा और कार्य कर रहे मानक पटेल करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई।
सवालों के घेरे में सबस्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर संबंधित फीडर की पहचान और शटडाउन की पुष्टि किए बिना कर्मचारी को काम करने की अनुमति कैसे दी गई? क्या सबस्टेशन ऑपरेटर ने लाइन बंद करने के बाद निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किया था? क्या कार्यस्थल पर अर्थिंग और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए थे?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि फीडर बंद करने में गलती हुई थी और इसकी गलत जानकारी दी गई, तो इस गंभीर चूक के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
जवाबदेही और कार्रवाई जरूरी
एक कर्मचारी की जान चली गई, लेकिन यह घटना विद्युत विभाग की सुरक्षा व्यवस्था में संभावित गंभीर खामियों को भी उजागर करती है। मामले में निष्पक्ष जांच कर संबंधित ऑपरेटर की भूमिका, शटडाउन संबंधी रिकॉर्ड, कंट्रोल रूम लॉगबुक और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच की जानी चाहिए। साथ ही दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य कर्मचारी को इस तरह अपनी जान न गंवानी पड़े।
अब देखना होगा कि विद्युत विभाग इस गंभीर घटना को महज दुर्घटना मानकर छोड़ता है या जिम्मेदारी तय कर जवाबदेही सुनिश्चित करता है।



