कबीरधामखोजी खबरछत्तीसगढ़

एसडीएम संदीप ठाकुर के नेतृत्व में जनगणना 2027 की मजबूत तैयारी 196 प्रगणक एवं 34 सुपरवाइजरों का त्रि-चरणीय प्रशिक्षण संपन्न।

एसडीएम संदीप ठाकुर के नेतृत्व में जनगणना 2027 की मजबूत तैयारी 196 प्रगणक एवं 34 सुपरवाइजरों का त्रि-चरणीय प्रशिक्षण संपन्न


पंडरिया। जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक, त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने हेतु अनुविभागीय राजस्व अधिकारी (एसडीएम) पंडरिया श्री संदीप ठाकुर के कुशल नेतृत्व, सतत संरक्षण एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंडरिया ग्रामीण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का त्रि-चरणीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
चार्ज अधिकारी श्री संजय मोध्या के प्रभावी निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना कार्य की सूक्ष्मताओं, स्व-गणना प्रक्रिया, मोबाइल ऐप के संचालन, डेटा संकलन की सावधानियों तथा किसी भी भवन, परिवार अथवा व्यक्ति को गणना से वंचित न रहने देने संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के अंतर्गत लगभग 8 घंटे का गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें 34 प्रश्नों के माध्यम से नागरिकों से जानकारी किस प्रकार प्राप्त करनी है, इसकी विस्तृत समझ विकसित की गई। फील्ड ट्रेनरों द्वारा गांवों में जाकर वास्तविक परिस्थितियों में प्रगणकों को यह बताया गया कि स्थानीय भाषा एवं सहज संवाद शैली का उपयोग करते हुए लोगों से प्रश्न कैसे पूछे जाएं, ताकि आमजन जनगणना की प्रक्रिया को सरलता से समझ सकें और सही जानकारी उपलब्ध करा सकें।
फील्ड ट्रेनर श्री तुलस राम चंद्राकार, श्री मुन्नालाल चंद्राकार, श्री सौरभ तिवारी एवं श्री ओमप्रकाश देवांगन ने व्यवहारिक प्रशिक्षण देते हुए बताया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। प्रत्येक प्रगणक और पर्यवेक्षक की सजगता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी ही इसकी सफलता सुनिश्चित करती है।
प्रशिक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी अधिकारी कुर्रे सर एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी पंडरिया श्री एम.के. गुप्ता ने भी उपस्थित होकर प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत जिम्मेदारी, ईमानदारी और गंभीरता का विषय है, जिसमें प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से आग्रह किया कि गांव में प्रवेश करते ही जनप्रतिनिधियों—पंच, सरपंच, सचिव एवं सम्मानित नागरिकों—से संपर्क स्थापित कर सकारात्मक वातावरण बनाएं, जिससे जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर कुल 196 प्रगणकों एवं 34 सुपरवाइजरों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। तीनों चरणों के प्रशिक्षण को सफल बनाने में सुपरवाइजर विजय चंदेल, हमीद खान स्टेनो तुलेश्वर राजपूत एवं कलेश्वर राजपूत ने भी अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिससे प्रशिक्षण सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनगणना 2027 की सफलता ही भविष्य की योजनाओं, विकास कार्यों एवं शासन की जनहितकारी नीतियों की मजबूत नींव बनेगी।
इसी प्रकार नगर पालिका पंडरिया, नगर पंचायत पांडातराई, तहसील कुंडा तथा तहसील कुकदूर में भी जनगणना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। कुंडा में चार्ज अधिकारी राजश्री पाण्डेय एवं कुकदूर में चार्ज अधिकारी पूजा सार्वा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण पूर्ण किया गया। सभी स्थानों पर जनगणना कार्य को गंभीरता, अनुशासन एवं पूर्ण तैयारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button