कबीरधामछत्तीसगढ़

वनांचल गांवों में जंगली हाथियों का आतंक घरों को तोड़कर खा गए अनाज ग्रामीणों में दहशत का माहौल।

वनांचल गांवों में जंगली हाथियों का आतंक घरों को तोड़कर खा गए अनाज ग्रामीणों में दहशत का माहौल।

कबीरधाम। जिले के तरेंगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत वनांचल गांवों में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथियों के झुंड की आबादी वाले क्षेत्रों में आवाजाही से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। हाथियों द्वारा मकानों को क्षतिग्रस्त करने और घरों में रखे खाद्यान्न को खाने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों ने बुधसिंह बैगा और सोना बैगा के मकानों को नुकसान पहुंचाया। बताया गया कि बुधसिंह बैगा ने अपने बेटे-बेटी की शादी के लिए घर में चावल का भंडारण कर रखा था। घर में करीब नौ बोरी चावल रखे हुए थे, जिनमें से लगभग आठ बोरी चावल हाथियों ने खा लिया। इससे परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवारों के सामने अतिरिक्त परेशानी खड़ी हो गई है।

इसी तरह ग्राम पंचायत भुरसीपकरी में भी हाथियों ने मकान को नुकसान पहुंचाया। 23 नवंबर को साखिन बाई बैगा के पति तिकुतू बैगा के मकान को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों की मौजूदगी अभी भी ग्राम सुकझर के जंगल में बनी हुई है।

22-23 नवंबर की दरमियानी रात फिर मचाया उत्पात

हाथियों का उत्पात यहीं नहीं थमा। 22-23 नवंबर की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच ग्राम पंचायत केसामरदा के कावलबधारा झरना के ऊपर बसे मोहल्ले में चार हाथियों के झुंड ने दो मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों ने घरों में रखी खाद्य सामग्री को खाया और सामान इधर-उधर बिखेर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी बनी हुई है। हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहा है। रात के समय बिजली बंद होने से खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीण अलाव जलाकर और जागकर रात बिताने को मजबूर हैं। घरों में छोटे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता बनी हुई है।

ग्रामीणों ने की सुरक्षा और मुआवजे की मांग

लगातार हो रही घटनाओं के बीच ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की लोकेशन की समय पर जानकारी देने, रात में नियमित गश्ती करने और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल मुनादी कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावित गांवों में प्रभावी निगरानी और त्वरित सहायता व्यवस्था जरूरी है।

इसके साथ ही हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए मकानों और नष्ट की गई खाद्य सामग्री का तत्काल आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाना चाहिए।

तरेंगांव वन परिक्षेत्र के वनांचल गांवों में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब ग्रामीणों को वन विभाग की ओर से ठोस सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावित परिवारों को राहत मिलने का इंतजार है।

VIKASH SONI

Founder & Editor II BJMC (Bachelor of Journalism and Mass Communication)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button