कबीरधामछत्तीसगढ़

बीईओ ने टटोली शिक्षा व्यवस्था की नब्ज गुरुजनों को किया प्रोत्साहित।

बीईओ ने टटोली शिक्षा व्यवस्था की नब्ज, गुरुजनों को किया प्रोत्साहित

कुई-कुकदुर (कबीरधाम)। शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव जमीनी स्तर पर समर्पित प्रयासों से ही संभव है। इसी सोच के साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर ने वनांचल क्षेत्र के प्रथम दौरे में संकुल केंद्र कुई स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में संकुल बदना, नेउर एवं कुई के संस्था प्रमुखों की समीक्षा बैठक लेकर शिक्षा गुणवत्ता को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बीईओ श्री ठाकुर ने शिक्षा मंत्री के विजन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा व्यवस्था विकसित करने पर जोर देते हुए पाठ्यक्रम संचालन, इमला, पठन-पाठन, लेखन अभ्यास, पहाड़ा, समय-सारिणी, दैनंदिनी लेखन, विद्यालय भवन की व्यवस्था, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, शालेय प्रार्थना, स्वच्छता तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा रूपी यज्ञ में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ योगदान देने का आह्वान किया।


बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर तीनों संकुलों के शिक्षकों ने नवपदस्थ बीईओ दीपक ठाकुर का आत्मीय स्वागत किया। उपस्थित शिक्षकों ने उनके पूर्व में शिक्षक एवं संकुल समन्वयक (सीएसी) के रूप में किए गए कार्यों का भी स्मरण किया।
संकुल समन्वयक सभाजीत सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रेरित किया। वहीं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बदना के प्रधान पाठक राजर्षि पांडेय ने कहा कि नवपदस्थ बीईओ के नेतृत्व एवं प्रबंधन कौशल का लाभ निश्चित रूप से विकासखंड की शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा और गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
बैठक में तीनों संकुलों के संस्था प्रमुख एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश देवांगन एवं जितेंद्र कश्यप ने किया। बैठक के समापन पर सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button