
जन्मदिवस पर शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने लगाया 12 पौधों का उपहार।

पंडरिया। विकासखंड पंडरिया के संकुल बिरकोना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में पदस्थ शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने अपने जन्मदिवस को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाते हुए विद्यालय परिसर में 12 पौधों का रोपण किया। साथ ही विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को केले वितरित कर जन्मदिवस की खुशियाँ साझा कीं।
शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर की यह पहल पिछले कई वर्षों से निरंतर जारी है। वे प्रत्येक वर्ष अपने जन्मदिवस पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर बच्चों में प्रकृति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने वृक्षारोपण को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में विद्यालय के इको क्लब के नवनिर्वाचित सदस्य अमित, आलिया, कामाक्षी, हिमांशु, अमृता, दिव्यांका, त्रिशा, युग, मंजीत, मिथलेश, संगीता, कृष्णा, काजल एवं सिद्धी सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे बदौरा स्थित नर्सरी से लाए गए थे, जिनमें आम, करंज, गुलमोहर, पपीता, कपास सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।
इस अवसर पर शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने कहा, “जन्मदिन पर यदि एक पौधा भी लगाया जाए, तो यह प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे सुंदर उपहार है।”
विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताया तथा सभी से विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया।



