
कवर्धा के नए स्वरूप की नींव, 54 करोड़ से बनेगी 4 लेन सड़क
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन
कवर्धा, 24 सितंबर 2026। कवर्धा शहर में प्रवेश करते ही अब शहर का बदला हुआ स्वरूप नजर आएगा। 54 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 7.8 किलोमीटर सड़क को 4 लेन में विकसित किया जाएगा। इसके साथ रायपुर और बिलासपुर की ओर दोनों प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गुरुवार को नया मंडी परिसर, कवर्धा में सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। चंद्रयान हॉस्पिटल से शुरू होकर कवर्धा शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरते हुए जोराताल के आगे तक बनने वाली इस 4 लेन सड़क में डिवाइडर का भी निर्माण किया जाएगा। प्रवेश द्वारों के डिजाइन में धर्मनगरी कवर्धा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता दी जाएगी।
विजय शर्मा के विशेष आग्रह पर अरुण साव ने कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन निर्माण एवं मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़ रुपए, नगर पंचायत बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़ रुपए, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ निर्माण के लिए 1.50 करोड़ रुपए तथा नगर पंचायत पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इसके साथ विभिन्न सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी घोषणा की गई।
विकास कार्यों को मिल रही गति
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। प्रदेश में सड़क सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग में 12,666 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। अनेक कार्य शुरू हो चुके हैं और कई पूरे भी हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च किया जा रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक विकास कार्यों की गति बढ़ी है।
साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सुशासन, विकास और शांति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कबीरधाम जिला भी विकास की इस यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सड़क, शिक्षा और पर्यटन से बदल रहा कवर्धा
विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में लगभग 140 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, शहर विकास और धार्मिक-पर्यटन स्थलों से जुड़े कार्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर में 54 करोड़ रुपए की लागत से 4 लेन सड़क का निर्माण शुरू होगा। रायपुर और बिलासपुर मार्ग की ओर लगभग 3-3 किलोमीटर सड़क का विकास किया जाएगा। कवर्धा में 4.5 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर बनाया जा रहा है, जहां 24 घंटे पुस्तकालय और डिजिटल पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध होगी।
नए बस स्टैंड को शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत से घोटिया रोड का निर्माण किया गया है। भोरमदेव परिसर के विकास के लिए 1.46 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। तालाब परिसर, उद्यान, मेला स्थल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोधा क्षेत्र में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं।
प्रवेश द्वार बनेंगे कवर्धा की पहचान
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा में बनने वाले दोनों भव्य प्रवेश द्वार शहर की पहचान के साथ विकास के द्वार भी होंगे। 54 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 4 लेन सड़क से कवर्धा का स्वरूप बदलेगा और आवागमन को बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन सहित विभिन्न परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



