
जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी एवं आशीष तिवारी की पहल पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में सेवा देने वाले 130 बच्चों को वितरित की ट्रेनिंग किट।
डीएसपी प्रशांत देवांगन की मौजूदगी में हुआ वितरण, पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का बढ़ाया उत्साह
कवर्धा। ग्राम घुघरी में कुछ माह पूर्व अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक परम पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी के सानिध्य में आयोजित भव्य सुरभि रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा को सफल बनाने में स्वामी विवेकानंद अकादमी के बच्चों ने मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बच्चों के इसी सेवाभाव और योगदान को सम्मान देते हुए कथा के आयोजक एवं कवर्धा जनपद उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी तथा आशीष तिवारी ने पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लगभग 130 बच्चों को शर्ट-पैंट (ट्रेनिंग किट) वितरित की।


इस अवसर पर डीएसपी प्रशांत देवांगन जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कोच दशरथ जी एवं कोच रीना शर्मा जी भी मौजूद रहीं।
बच्चों की सेवा और मेहनत को मिला सम्मान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गणेश तिवारी ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्वामी विवेकानंद अकादमी के बच्चों ने सराहनीय योगदान दिया था। बच्चों ने जिस निष्ठा, मेहनत और सेवाभाव से अपनी जिम्मेदारियां निभाईं, वह प्रशंसा के योग्य है। आज वही बच्चे पुलिस भर्ती के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में उनका उत्साह बढ़ाना और उनके लक्ष्य की प्राप्ति में सहयोग करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि “युवा देश का भविष्य हैं। यदि उनकी मेहनत को सही मार्गदर्शन और समाज का सहयोग मिले, तो वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। हमारा प्रयास है कि ये बच्चे आगे बढ़ें और भविष्य में पुलिस की वर्दी पहनकर समाज और देश की सेवा करें।”
मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलेगी सफलता : डीएसपी प्रशांत देवांगन
डीएसपी प्रशांत देवांगन जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए शारीरिक दक्षता के साथ अनुशासन, धैर्य, ईमानदारी और निरंतर अभ्यास बेहद जरूरी है। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम करना चाहिए और असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच ही सफलता की मजबूत नींव हैं। सभी अभ्यर्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर तैयारी जारी रखनी चाहिए।
सेवा से संस्कार, सहयोग से सफलता
कार्यक्रम में ट्रेनिंग किट पाकर बच्चों में उत्साह देखने को मिला। यह पहल न केवल पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सहयोग है, बल्कि पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा के दौरान उनके द्वारा किए गए सेवाकार्य के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का भी अवसर है।
“जब समाज युवाओं की मेहनत पर विश्वास करता है और उनके साथ खड़ा होता है, तब उनके सपनों को नई उड़ान मिलती है। आज का परिश्रम ही कल देशसेवा का गौरव बन सकता है।”



