कबीरधामछत्तीसगढ़

विधायक भावना बोहरा ने ₹5.96 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

विधायक भावना बोहरा की पहल से कुई-कुकदूर महाविद्यालयीन छात्राओं को मिली निःशुल्क बस सेवा की सुविधा मंत्री टंकराम वर्मा एवं विधायक भावना बोहरा ने ₹5.96 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

विधायक भावना बोहरा के आग्रह पर मंत्री टंकराम वर्मा जी द्वारा कापादाह में नवीन शासकीय महाविद्यालय की स्थापना एवं पंडरिया व पांडातराई महाविद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण और कॉलेज परिसर के विकास हेतु ढाई-ढाई करोड़ रुपए की घोषणा

वनांचल क्षेत्र में शिक्षा, प्रशासनिक सुविधाओं, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आज हेलिपैड मैदान, कुई-कुकदूर में छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी एवं पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा कुल 5 करोड़ 96 लाख 96 हजार की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया इसके साथ ही पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा कुई-कुकदूर महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के सुगम व सुरक्षित आवागमन सुविधा हेतु निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम में 5000 से अधिक की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने तालियों की गूंज से इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय , कैबिनेट मंत्री  टंकराम वर्मा और पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर हेतु नवीन भवन, एवं ग्राम कुई व कुकदूर में महतारी सदन निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से वनांचल के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।

इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और वनांचल सहित दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं तथा बुनियादी सुविधाओं का लाभ उनके गाँव और घर के नजदीक ही उपलब्ध हो। कुई-कुकदूर में तहसील कार्यालय भवन, महाविद्यालय के नवीन भवन और महतारी सदनों से संबंधित कार्य क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों का समय और धन बचेगा, वहीं शिक्षा के बेहतर अवसर युवाओं के भविष्य को मजबूत करेंगे। हमारी सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और जनसुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। बेटियों की शिक्षा और महिलाओं का सशक्तिकरण एक समृद्ध समाज की आधारशिला है। विधायक भावना बोहरा जी द्वारा छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा जैसी पहल शिक्षा तक उनकी पहुंच आसान बनाएगी और परिवारों को आर्थिक राहत देगी। पूरे पंडरिया विधानसभा में विधायक भावना बोहरा द्वारा बेटियों की शिक्षा हेतु निःशुल्क बस सेवा के संचालन की पहल के सराहनीय है और मैं उन्हें बधाई देता हूँ। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए उनकी तत्परता हो या जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, युवाओं के शिक्षा के लिए लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग, भावना दीदी की साइंस पाठशाला जैसे पहल और उनके द्वारा किये जा रहे जनसेवा के कार्य के लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूँ।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आज डबल इंजन भाजपा सरकार में वनांचल क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है। प्रत्येक परिवार को बेहतर शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं, आसान प्रशासनिक सुविधाएं और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। कुई-कुकदूर में तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण होने से ग्रामीणों को अपने राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। शासकीय महाविद्यालय के नवीन भवन से हमारे युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और महतारी सदनों से महिलाओं को सामाजिक सहभागिता एवं सशक्तिकरण का मंच प्राप्त होगा। वनांचल क्षेत्र की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें, अपने सपनों को साकार करें और आत्मनिर्भर बनें, यही हमारा संकल्प है। महाविद्यालय की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ इसी सोच का परिणाम है। आज इस बस सेवा के शुभारंभ के साथ ही पंडरिया विधानसभा में कुल 9 निःशुल्क बस सेवा संचालित होंगी और इसके माध्यम से अब तक 1500 से अधिक बेटियों को लाभ मिला है और वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को पूरा कर रहीं हैं। आवागमन की कठिनाइयों और आर्थिक बाधाओं के कारण किसी भी बेटी की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप हम पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी जी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की डबल इंजन भाजपा सरकार जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। आज हर गाँव-गाँव सड़कों का जाल बिछ रहा है, शासकीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुँच रहा है, वनांचल क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहें हैं और हमारा छत्तीसगढ़ विकास के नए पथ पर अग्रसर हो रहा है। कार्यक्रम में कबीरधाम जिला एवं पंडरिया विधानसभा के पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन, सभी मंडल के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

विधायक भावना बोहरा की मांग पर मंत्री जी द्वारा की गई घोषणा

कार्यक्रम में वनांचल क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार हेतु पंडरिया विधायक भावना बोहरा की मांग पर ग्राम कांपादाह में नवीन शासकीय महाविद्यालय की स्थापना तथा पंडरिया एवं पांडातराई शासकीय महाविद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण व महाविद्यालय परिसर के विकास हेतु ढाई-ढाई करोड़ की रुपए की घोषणा मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी द्वारा की गई। साथ ही क्षेत्रवासियों की मांग पर उन्होंने भक्ति गीत का गायन भी किया।

निःशुल्क बस सेवा से वनांचल की बेटियों की शिक्षा होगी आसान

विकास कार्यों के साथ ही पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ भी किया गया। इस सुविधा का उद्देश्य दूरस्थ गांवों से महाविद्यालय आने वाली बेटियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुलभ आवागमन उपलब्ध कराना है। आर्थिक कठिनाइयों और लंबी दूरी के कारण कई बार छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है। निःशुल्क बस सेवा से उनके परिवारों पर परिवहन का आर्थिक बोझ कम होगा, कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी और छात्राओं को नियमित रूप से उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ वनांचल में महिला शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह निःशुल्क बस सेवा ग्राम अमनिया से प्रारंभ होकर ग्राम नेऊर में कुशियारी व महीडबरा की छात्राएं, ग्राम दमगढ़ में लुढुटोला व उपका की छात्राएं तथा ग्राम अमेरा, कुर्सीकछार एवं कुई की छात्राओं को लेकर कुई-कुकदुर महाविद्यालय पहुंचेगी।

नवीन महाविद्यालय भवन से वनांचल के युवाओं के सपनों को मिलेंगे नए पंख

कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर के लिए 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपए की लागत से नवीन भवन का भूमिपूजन किया गया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त महाविद्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वनांचल के विद्यार्थी आर्थिक परिस्थितियों, आवागमन की कठिनाइयों और सीमित शैक्षणिक संसाधनों के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त करने में चुनौतियों का सामना करते हैं। महाविद्यालय के नवीन भवन से स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसरों को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को अपने भविष्य के निर्माण के लिए बेहतर आधार प्राप्त होगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के युवाओं को लाभ मिलेगा और शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भरता के नए अवसर खुलेंगे।

वनांचलवासियों को घर के नजदीक मिलेगी प्रशासनिक सुविधा

कार्यक्रम के अंतर्गत ₹71.12 लाख की लागत से निर्मित तहसील कार्यालय भवन, कुई-कुकदूर के लोकार्पण से वनांचल के ग्रामीणों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, राजस्व प्रकरणों, भूमि संबंधी मामलों और अन्य शासकीय कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से लोगों के समय और पैसों दोनों की बचत होगी। विशेषकर दूरस्थ गांवों में रहने वाले किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। आवागमन में लगने वाला समय और खर्च कम होगा तथा शासकीय सेवाओं तक उनकी पहुंच अधिक सहज बनेगी। यह पहल वनांचल में सुशासन, प्रशासनिक पहुंच और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

महतारी सदन से मजबूत होगा महिला सशक्तिकरण

कार्यक्रम में कुई व कुकदूर में 30-30 लाख रुपए की लागत से महतारी सदन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन सदनों का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सहभागिता, सामूहिक गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करना है। महतारी सदनों के माध्यम से महिलाओं को एक साझा मंच मिलेगा, जहां वे अपने विचारों का आदान-प्रदान कर सकेंगी, शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगी और सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनने के अवसरों से जुड़ सकेंगी। महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, कौशल विकास और महिला हित से जुड़े कार्यक्रमों को भी ऐसे सामुदायिक केंद्रों से प्रोत्साहन मिल सकता है। यह पहल महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और गांवों में सशक्त, जागरूक एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में उपयोगी सिद्ध होगी।

समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

कुई-कुकदूर में 5 करोड़ 96 लाख 96 हजार के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन वनांचल में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा को प्रोत्साहन, प्रशासनिक सेवाओं की सुलभता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन पहलों से क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने, युवाओं को बेहतर भविष्य के अवसर देने और महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने में सहायता मिलेगी। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों सहित प्रत्येक गांव का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। जनआकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र को शिक्षा, सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि के नए अवसरों से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button