
पंडरिया विधानसभा के कोदवागोडान में करीब 2 करोड़ 64 लाख रुपए की लागत से बन रहे 100 सीटर बालक छात्रावास भवन की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिस छात्रावास को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए विकास की बड़ी सौगात माना जा रहा है, उसी के निर्माण में गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी सामने आ रही है। निर्माण स्थल पर स्थानीय नदी की बजरीयुक्त रेत और डस्टयुक्त गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप किया जा रहा है?

दरअसल, पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से इस छात्रावास के लिए 264.29 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। निर्माण का ठेका पार्श्वनाथ कंस्ट्रक्शन को दिया गया है। लेकिन अब सवाल यह है कि करोड़ों रुपए की इस परियोजना में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

क्या ठेकेदार अपनी मनमर्जी से निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है? क्या लोक निर्माण विभाग के अधिकारी नियमित निरीक्षण कर रहे हैं? और यदि विभाग की निगरानी में निर्माण हो रहा है तो फिर गुणवत्ता को लेकर ऐसे सवाल क्यों उठ रहे हैं?
जिस विकास कार्य को विधायक के प्रयासों की उपलब्धि बताया जा रहा है, उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की है। आखिर जनता के पैसे से बनने वाले भवन में गुणवत्ता से समझौता कैसे स्वीकार किया जा सकता है?
इस संबंध में कार्यपालन अभियंता से बात की गई, लेकिन उन्होंने बाइट देने के लिए अधिकृत नहीं होने की बात कहते हुए प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया।
अब जरूरत है कि लोक निर्माण विभाग निर्माण स्थल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराए और रेत, गिट्टी सहित निर्माण सामग्री की प्रयोगशाला में जांच कराए। यदि मानकों की अनदेखी मिलती है तो ठेकेदार के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो।
क्योंकि सवाल सिर्फ एक छात्रावास का नहीं, बल्कि 2.64 करोड़ रुपए के सरकारी धन और यहां रहने वाले विद्यार्थियों के भविष्य का है।
विकास के नाम पर बजट स्वीकृत होना ही काफी नहीं, उस बजट से गुणवत्तापूर्ण निर्माण होना भी जरूरी है। अब देखना होगा कि विधायक और विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।



