
बोड़ला क्षेत्र में 4 हाथियों का विचरण, वन विभाग अलर्ट ड्रोन से हो रही निगरानी 7 गांवों को किया गया सतर्क कई वन मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित।

कवर्धा/बोड़ला। कबीरधाम जिले के बोड़ला वन क्षेत्र में 4 हाथियों की मौजूदगी से वन विभाग अलर्ट मोड पर है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग द्वारा ड्रोन और मैदानी अमले की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह तरेगांव परिक्षेत्र के दलदली सर्किल अंतर्गत मुकाम एवं दलदली बीट के रतनछापर क्षेत्र में 4 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है।
हाथियों के संभावित विचरण को देखते हुए सुखझर, दलदली, मुकाम, चेन्द्रादादर, धनवाही, कोयलारी और भूर्सीपकरी सहित 7 गांवों को अलर्ट किया गया है। वहीं बैरख, रानीदहरा, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, आमानारा, पेंड्री और छिरपानी की ओर जाने वाले वन मार्गों पर एहतियातन आवागमन प्रतिबंधित किया गया है।
हाथियों की निगरानी के लिए वन विभाग की टीम रात में भी गश्त कर रही है। ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है।
वन विभाग की अपील: ग्रामीण हाथियों के नजदीक जाकर फोटो-वीडियो न बनाएं, न ही उन्हें भगाने या घेरने का प्रयास करें। हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार निगरानी में जुटी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ ग्रामीणों के जान-माल की रक्षा करना विभाग की प्राथमिकता है।




