कबीरधामछत्तीसगढ़

संकल्प के साथ आगे बढ़ता छत्तीसगढ़, जनकल्याण और विकास का बजट-चंदप्रकाश चंद्रवंशी

संकल्प के साथ आगे बढ़ता छत्तीसगढ़, जनकल्याण और विकास का बजट-चंदप्रकाश चंद्रवंशी

कवर्धा-नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रस्तुत बजट वर्ष 2026-27 पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया देते हुए इसे विकासोन्मुखी, जनकल्याणकारी एवं संतुलित बजट बताया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के हर वर्ग, किसान, युवा, महिला, व्यापारी एवं शहरी-ग्रामीण नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि ‘‘संकल्प‘‘ थीम पर आधारित छत्तीसगढ़ का बजट वर्ष 2026-27 प्रदेश के समग्र एवं सतत विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है यह बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य निर्माण का दृढ़ संकल्प है।

कबीरधाम को मिला सौगात
प्रस्तुत बजट के अनुसार चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि कवर्धा से खम्हरिया मार्ग तक सड़क उन्नयन व चौड़ीकरण कार्य हेतु 23 करोड़ का प्रावधान, कबीरधाम जिले के पण्डरिया में नालंदा परिसर का निर्माण, सुतियापाट से ठाठापुर तक पेयजल आपूर्ति हेतु 50 करोड़ का प्रावधान, इसी तरह नगरोत्थान योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्वि योजना अंतर्गत नगर पालिका, नगर पंचायतों को शामिल करने हेतु 200 करोड का प्रावधान किया गया। इसके अतिरिक्त कबीरधाम जिला में स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल व अन्य क्षेत्रों में कार्य किये जाने हेतु बजट में प्रावधान किया गया है।

शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का आधुनिकीकरण
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में शिक्षा के क्षेत्र में नए विद्यालयों, उन्नयन कार्यों तथा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रावधानों का स्वागत किया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, अस्पतालों एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। किसानों के लिए समर्थन मूल्य, कृषि योजनाओं एवं सिंचाई परियोजनाओं में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। यह बजट गांव, गरीब और किसान को सशक्त बनाने वाला है। महिलाओं के आत्मनिर्भरता कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं एवं युवाओं के लिए रोजगारप्रेरक प्रशिक्षण योजनाओं को उन्होंने प्रदेश के भविष्य के लिए सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन, निवेश को बढ़ावा एवं व्यापारिक सुविधाओं के सरलीकरण से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ेंगी और नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि बजट में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का स्पष्ट विज़न दिखाई देता है। अधोसंरचना विकास, नई सड़कों, पुल-पुलियों, शहरी सुविधाओं एवं ग्रामीण संपर्क मार्गों के लिए प्रावधान यह दर्शाते हैं कि सरकार विकास के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि बजट में होम्योपैथी कॉलेज का निर्माण, शहरी अधोसंरचना, सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सीवरेज एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे नगर निकायों को विकास कार्यों में गति मिलेगी और नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ प्राप्त होगा।

बजट संतुलित व दूरदर्शी
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट संतुलित एवं दूरदर्शी है, जो छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश सरकार के शीर्ष विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा व वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश और अधिक समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनेगा।

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button