
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तरेगांव जंगल में शिक्षक गायब बच्चों के भविष्य से खिलवाड़!
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तरेगांव जंगल में शिक्षकों की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे के बाद विद्यालय में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं मिला, जिसके चलते विद्यार्थियों को मजबूरन समय से पहले छुट्टी देनी पड़ी।
विद्यालय में मौजूद एक शिक्षक ने बताया कि बाकी शिक्षक शासकीय काम से बाहर गए हैं, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या शिक्षा विभाग सभी शिक्षकों को एक साथ कार्यालय कार्य के लिए बुलाता है? यदि ऐसा है तो पढ़ाई का जिम्मा आखिर कौन संभालेगा।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में 6–7 शिक्षक पदस्थ हैं, फिर भी एक भी शिक्षक का उपस्थित न होना शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इस मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को फोन पर दी गई, जिस पर उन्होंने स्पष्टीकरण लेने की बात कही है।
कवर्धा जिले के कई सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति आम होती जा रही है। कार्रवाई के अभाव में शिक्षकों में जिम्मेदारी का डर कम होता दिख रहा है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य पर पड़ रहा है।
अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में सख्त कदम उठाता है या फिर यह भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा ।l



