
कुमार सिंग माठले की रिपोर्ट कवर्धा पंडरिया :- ग्राम ऊपका में आयोजित श्री रामधुनि कार्यक्रम के दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। “जय जय श्री राम” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धा-भक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिली।
पंडरिया वनांचल क्षेत्र की ग्राम पंचायत दमगढ़ अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, मातृशक्ति एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रीराम नाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन तथा सामूहिक आरती के माध्यम से श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। भजनों और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया और ग्रामवासियों ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन ग्राम ऊपका में श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।



