
राजगोंड समाज भोरमदेव के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह संपन्न।
विधायक भावना बोहरा रही मुख्य अतिथि
कुई कुकदुर, पंडरिया। राजगोंड समाज प्रधान कार्यालय भोरमदेव के नवनियुक्त कार्यकारिणी पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक केंद्रों के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह 5 जून 2026 को ग्राम सेमरहा में आयोजित किया गया। समारोह में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के संरक्षक श्री विदेशी राम धुर्वे ने की। विशेष अतिथि के रूप में श्री उत्तम सिंह मस्कोले, अध्यक्ष श्री फगनू राम धुर्वे एवं महासचिव श्री झगर सिंह मरकाम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ परम शक्ति बुढ़ादेव एवं समाज के महापुरुषों की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात राजगोंड समाज प्रधान कार्यालय भोरमदेव के सामान्य, युवा, कर्मचारी एवं महिला प्रभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक केंद्रों के पदाधिकारियों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया संरक्षक श्री विदेशी राम धुर्वे एवं श्री उत्तम सिंह मस्कोले द्वारा संपन्न कराई गई। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
समारोह के दौरान समाज के उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। साथ ही लंबे समय से समाज सेवा में योगदान देने वाले वरिष्ठजनों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों को स्मृति-चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने अपने संबोधन में समाज की संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण पर बल देते हुए शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए राजगोंड समाज के मंगल भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की घोषणा की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री विदेशी राम धुर्वे ने कहा कि समाज की उन्नति सामूहिक प्रयासों और आपसी सहयोग से ही संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत बनाने, समाज के हितों की रक्षा करने तथा सामाजिक नियमों, रूढ़ियों एवं परंपराओं के संरक्षण का आह्वान किया।
लगातार तीसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए श्री फगनू राम धुर्वे ने कहा कि राजगोंड समाज प्रधान कार्यालय भोरमदेव एक विशाल सामाजिक संगठन है, जिसका सफल संचालन पूर्वजों द्वारा स्थापित सामाजिक व्यवस्था एवं समाजजनों के सहयोग से संभव हो पाया है। उन्होंने पूर्वजों की परंपराओं, सामाजिक नियमावली और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सभी का दायित्व बताया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के विकास, शिक्षा, युवा उत्थान, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक एकता के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से विदेशी राम धुर्वे, उत्तम सिंह मस्कोले, जोधन सिंह खुसरो, झाम सिंह तिलगाम, सालिक राम मेरावी, कन्हैया मेरावी, रामदयाल चेचाम, गणेश टेकाम, शेर सिंह पंद्राम, रसपाल टेकाम, रामजी मेरावी, चैन सिंह खुसरो, राधे धुर्वे, मोहित मेरावी, लखन श्याम, तुलस धुर्वे, परमेश्वर धुर्वे, सुशील टेकाम, विष्णु सिंह मेरावी, दुखीराम मरकाम, हुकुम सिंह धुर्वे, ऋद्धराम श्याम, भाग सिंह मरावी, राम सिंह धुर्वे, जगेश्वर धुर्वे, जीवन मरकाम, कांशीराम उइके, विजय मरकाम, मुकेश धुर्वे, राजकुमार नेताम, बसंत वाटिया सहित हजारों समाजजन उपस्थित रहे।
नवीन कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण के बाद समाज में उत्साह का वातावरण है। समाजजनों का विश्वास है कि अनुभवी नेतृत्व एवं नई टीम के सामूहिक प्रयासों से सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा समाज विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।



