
कुकदुर पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा शातिर चोर गिरफ्तार चोरी गया नगदी व सामान बरामद
कुकदुर, 12 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया नगदी एवं अन्य सामान बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है तथा पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोदवागोडान निवासी शिवराम प्रजापति पिता स्वर्गीय हीराराम प्रजापति बाजार चौक कोदवागोडान में वर्षों से पान दुकान संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने 11 जुलाई 2026 को थाना कुकदुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 जुलाई की रात लगभग 10 बजे वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 11 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर प्रवेश करने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, जिससे चोरी की आशंका हुई।
जब उन्होंने दुकान में रखे सामान और गल्ले की जांच की तो पाया कि गल्ले में रखी लगभग 5 हजार रुपये की नगदी, पान मसाला, गुटखा, बिस्किट, नमकीन पैकेट, कोल्ड ड्रिंक, पानी की पेटियां सहित करीब 13 हजार रुपये का सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने तत्काल थाना कुकदुर पहुंचकर अज्ञात चोर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना कुकदुर पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भापुसे) के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भूपत सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई, संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए। लगातार तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस का संदेह ग्राम कामठी कछारपारा हाल नागाडबरा निवासी राजेश्वर उर्फ रज्जू चेचाम पर गया।
पुलिस ने संदेही की तलाश कर उसे हिरासत में लिया और गहन पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर की गई सख्त पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी करने से पहले दुकान की रेकी की थी। उसने कई दिनों तक दुकान की गतिविधियों पर नजर रखी और यह सुनिश्चित किया कि किस समय दुकान बंद होती है। इसके बाद 10 जुलाई की रात अंधेरे का फायदा उठाकर बाजार चौक स्थित पान दुकान का ताला तोड़ा और नगदी सहित दुकान में रखा सामान चोरी कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई नगदी तथा पान मसाला, गुटखा, बिस्किट, नमकीन, कोल्ड ड्रिंक, पानी की पेटियां सहित अन्य चोरी का सामान बरामद कर जब्त कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कुकदुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों एवं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता थी, लेकिन पुलिस द्वारा कम समय में मामले का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी से लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविन्द चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, प्रधान आरक्षक बिसेन चन्द्रवंशी, आरक्षक सुनील नायक तथा आरक्षक कृष्णकुमार धुर्वे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही।



