
मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़क बदहाल ग्रामीणों ने विधायक कलेक्टर और मुख्यमंत्री से लगाई गुहार ।
सहसपुर लोहारा (कबीरधाम)। विकासखंड सहसपुर लोहारा के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दानी घठोली से बगदई तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़क जर्जर हालत में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और बारिश का पानी भरा होने से ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग करीब दस गांवों की जीवनरेखा है। विशेष रूप से आदिवासी बहुल क्षेत्र के लोगों का आवागमन इसी सड़क से होता है, लेकिन वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क खराब होने से गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाले वाहनों, स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, बाजार-हाट आने-जाने वाले ग्रामीणों तथा किसानों को खाद-बीज और कृषि सामग्री लाने-ले जाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग को आवेदन देकर सड़क के नवीनीकरण (रीन्यूवल) की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अब ग्रामीणों ने समाचार माध्यमों के जरिए पंडरिया विधायक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा कबीरधाम कलेक्टर से मांग की है कि दानी घठोली से बगदई मार्ग के शीघ्र नवीनीकरण की स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।



