
पंडरिया (कबीरधाम)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, राजनांदगांव द्वारा पंडरिया शाखा के सहायक प्रबंधक (फील्ड ऑफिसर) हाजी शेख तौकीर मोहम्मद का स्थानांतरण शाखा कुकदूर में कर दिया गया है। बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 1734 के अनुसार यह स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
गौरतलब है कि पंडरिया ब्लॉक की विभिन्न सहकारी समितियों के प्रभारियों एवं कर्मचारियों ने शाखा प्रबंधन की कार्यशैली को लेकर अपनी समस्याएं उठाई थीं। कर्मचारियों ने इस संबंध में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती भावना बोहरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था और संबंधित अधिकारी के स्थानांतरण की मांग की थी।
विधायक भावना बोहरा ने की थी पहल
कर्मचारियों द्वारा अपनी समस्याएं विधायक श्रीमती भावना बोहरा के समक्ष रखे जाने के बाद उन्होंने मामले में पहल करते हुए बैंक प्रबंधन के उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया था। अब बैंक प्रशासन द्वारा स्थानांतरण आदेश जारी किए जाने के बाद कर्मचारियों की मांग को लेकर की गई पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि हाजी शेख तौकीर मोहम्मद को पंडरिया शाखा से भारमुक्त होकर कुकदूर शाखा में उपस्थित होने तथा शाखा प्रबंधक के दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में नियमानुसार स्थानांतरण यात्रा भत्ता की पात्रता तथा ज्वाइनिंग अवधि का लाभ प्रधान कार्यालय की अनुमति से बाद में लेने का उल्लेख भी किया गया है।
कर्मचारियों में हर्ष, विधायक के प्रति जताया आभार
स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद सहकारी समिति कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल है। कर्मचारियों ने उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाने और समाधान की दिशा में पहल करने के लिए विधायक श्रीमती भावना बोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
बैंक प्रशासन के इस आदेश से पंडरिया शाखा में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब नए घटनाक्रम ने जोर पकड़ लिया है।



