
प्राचार्य विजय कुमार खरे के नेतृत्व में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय बोड़ला में निजी विद्यालयों जैसी आधुनिक सुरक्षित एवं प्रेरणादायी शिक्षण व्यवस्था विकसित।
बोड़ला, कबीरधाम। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला में प्राचार्य विजय कुमार खरे के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विद्यालय को आधुनिक, आकर्षक, सुरक्षित एवं प्रेरणादायी शिक्षण परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। विद्यालय को केवल पढ़ाई का केंद्र न बनाकर ज्ञान, विज्ञान, नैतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण एवं रचनात्मक गतिविधियों का आदर्श केंद्र बनाने का कार्य किया जा रहा है।
विद्यालय की दीवारों एवं बरामदों को ज्ञानवर्धक वॉल पेंटिंग्स, प्रेरक सुविचार, गणित, विज्ञान, भाषा, पर्यावरण एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित चित्रात्मक सामग्री से सजाया गया है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से महान वैज्ञानिकों के आकर्षक पोस्टर एवं उनके प्रेरक जीवन परिचय भी प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे बच्चों को सहज एवं रोचक तरीके से सीखने का अवसर मिल रहा है।
परिसर को हरित एवं प्राकृतिक स्वरूप प्रदान करने के लिए तार फेंसिंग कर व्यवस्थित गार्डन विकसित किया जा रहा है। विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण एवं संरक्षण कर विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा रही है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय के सामने स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से बैरिकेड्स स्थापित कराए गए हैं। इस पहल में प्राचार्य श्री विजय कुमार खरे एवं व्याख्याता श्री रवि कुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बैरिकेड्स लगने से वाहनों की गति नियंत्रित हो रही है और विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए विद्यालय आना-जाना अधिक सुरक्षित हो गया है। साथ ही समय-समय पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया जाता है।
प्राचार्य के निर्देशन में इन सभी नवाचारों की निगरानी एवं समन्वय व्याख्याता श्री रवि कुमार वर्मा द्वारा किया जा रहा है। उनके द्वारा महान वैज्ञानिकों के पोस्टर, शैक्षणिक वॉल पेंटिंग्स, प्रेरक संदेश एवं अन्य शिक्षण सामग्री का डिज़ाइन, संपादन, स्थापना और क्रियान्वयन कर विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और अधिक प्रभावी एवं प्रेरणादायी बनाया जा रहा है।
विद्यालय परिवार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को ऐसा आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है, जहाँ वह शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण एवं रचनात्मक सोच को व्यवहारिक रूप से आत्मसात कर सके। विद्यालय में किए जा रहे ये नवाचार शासकीय विद्यालयों में निजी विद्यालयों जैसी उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल सिद्ध हो रहे हैं।



