
हाई टेंशन तार की चपेट में आने से तेंदूपत्ता से भरे वाहन में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
बोड़ला-दलदली मार्ग स्थित ग्राम दैहान के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेंदूपत्ता से भरी एक भारी वाहन हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई। तार के संपर्क में आते ही वाहन में अचानक भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदूपत्ता से लदी भारी वाहन बोड़ला-दलदली मार्ग से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान दैहान के समीप सड़क किनारे नीचे झूल रहे हाई टेंशन बिजली तार वाहन के ऊपरी हिस्से के संपर्क में आ गए। संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और वाहन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा।
घटना के समय वाहन चालक ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए तत्काल वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक कुछ सेकंड की भी देरी करता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने तत्काल बिजली विभाग, प्रशासन एवं नगर पंचायत को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
घटना के कारण कुछ समय तक बोड़ला-दलदली मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा बिजली विभाग द्वारा भी हाई टेंशन तारों की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे झूल रहे बिजली तारों को जल्द ठीक कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली तार नीचे लटके हुए हैं, जो आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह जल जाने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।



