कबीरधामछत्तीसगढ़

कवर्धा: नगरपालिका की लापरवाही से स्वच्छता अभियान ठप कबाड़ हो रही हैं कचरा गाड़ियां कांग्रेस नेता दीपक ठाकुर ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी।

कवर्धा: नगरपालिका की लापरवाही से स्वच्छता अभियान ठप कबाड़ हो रही हैं कचरा गाड़ियां कांग्रेस नेता दीपक ठाकुर ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी।


कवर्धा।
कवर्धा नगरपालिका क्षेत्र में इन दिनों स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर को साफ-सुथरा रखने के लिए शुरू की गई ‘घर-घर कचरा संग्रहण योजना’ प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़कर पूरी तरह ठप पड़ चुकी है। नगरपालिका प्रबंधन की उदासीनता के कारण लाखों रुपये की कचरा गाड़ियां और ई-रिक्शा मरम्मत के अभाव में खड़े-खड़े कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं। इस अव्यवस्था को लेकर जनता में भारी आक्रोश है।


कचरा गाड़ी ई-रिक्शा में बैटरी तक नहीं, घरों में डंप हो रहा कचरा
कांग्रेसी मंडल अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने नगरपालिका के दावों की पोल खोलते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने का ढोल पीटने वाला नगर पालिका वाहनों के रखरखाव तक में नाकाम साबित हुआ है। कई महीनों से कचरा उठाने वाले ई-रिक्शा वाहनों में नई बैटरियां नहीं लगाई जा रही हैं। इसके कारण ये गाड़ियां महीनों से धूल खा रही हैं। स्थिति यह हो गई है कि लोगों के घरों में कई दिनों का कचरा जाम हो रहा है। मजबूरन, लोग अब खुले मैदानों और सड़कों के किनारे कचरा फेंकने को विवश हैं, जिससे शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं और बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है। दीपक ठाकुर ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि नगरपालिका के पास घर-घर जाकर कचरा इकट्ठा करने के लिए लगभग 35 टिप्पर और ई-रिक्शा वाहन उपलब्ध हैं। लेकिन वर्तमान में केवल 12 गाड़ियां ही पूरे शहर के 27 वार्डों से कचरा उठा रही हैं। इतने कम वाहनों के सहारे पूरे शहर की सफाई व्यवस्था संभालना नामुमकिन है, जिसके कारण आम जनता रोजाना परेशान हो रही है। वही वार्डों की स्थिति साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 01 से वार्ड क्रमांक 08 तक की बात करें, तो पहले इन वार्डों से कचरा उठाने के लिए कुल 11 वाहन तैनात थे। लेकिन वर्तमान में इस पूरे क्लस्टर में मात्र 2 वाहन ही घर-घर जा रहे हैं। वाहनों की भारी कमी के कारण स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि मोहल्लों और घरों में दस-दस दिनों तक कचरा उठाने वाली गाड़ी शक्ल तक नहीं दिखाती।
10 दिनों में करे सुधार, नहीं तो होगा प्रदर्शन
मंडल अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने नगरपालिका प्रशासन को कहा कि यह स्थिति अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। उन्होंने कहा, “यदि नगरपालिका प्रशासन अगले दस दिनों के भीतर खराब पड़े सभी वाहनों को ठीक नहीं कराता है और सभी वार्डों व मोहल्लों में नियमित रूप से कचरा गाड़ी भेजना शुरू नहीं करता है, तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ मिलकर नगर पालिका कार्यालय का घेराव करेगी और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button