
कोदवा गोडान में तेज रफ्तार हाइवा का कहर: एक की मौत, दूसरा गंभीर, ग्रामीणों में आक्रोश
कोदवा गोडान-कामठी मार्ग पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पुराने शराब भट्ठी के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंडरिया की ओर से गिट्टी लदा हाइवा (क्रमांक CG 09JP6077) तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक दूर जा गिरे।मृतक और घायल युवक लोरमी क्षेत्र के खुड़िया दुल्लापुर निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की शादी महज एक सप्ताह पहले ही माठपुर गांव में हुई थी और दोनों युवक ससुराल की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पिछले एक साल से गिट्टी और रेत ढुलाई करने वाले भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। तेज रफ्तार और नियंत्रण की कमी के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं। गांव के भीतर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से वाहन चालक बेखौफ गति से गाड़ियां दौड़ाते हैं।
वहीं, पास स्थित शराब भट्ठी भी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि शराबियों के कारण आए दिन हुड़दंग और तेज रफ्तार बाइकिंग से माहौल खराब रहता है।घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से शराब भट्ठी को गांव से बाहर स्थानांतरित करने, बायपास सड़क निर्माण और गांव के भीतर भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



