
दो साल लगातार देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी, किसानों की मेहनत ने बढ़ाया भोरमदेव का गौरव : विजय शर्मा
28 हजार शेयरधारी किसानों को 30 रुपए किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर वितरण का शुभारंभ।

2024-25 और 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर एफिशिएंसी अवार्ड से सम्मानित हुआ भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना
कवर्धा, 13 सितंबर 2026। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा ने लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली द्वारा कारखाने को राष्ट्रीय स्तर का एफिशिएंसी अवार्ड प्रदान किया गया है।
इस उपलब्धि के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर वितरण का शुभारंभ किया। किसानों को लगातार तीसरे वर्ष रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने कारखाने की उपलब्धि पर किसानों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
किसानों की मेहनत का परिणाम है राष्ट्रीय उपलब्धि
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी सफलता किसानों की मेहनत एवं सहभागिता का परिणाम है। लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण गन्ने के उत्पादन और किसानों की मेहनत से कारखाने को यह उपलब्धि मिली है। कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना ने भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। अब लगभग 28 हजार शेयरधारी किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
4 लाख मीट्रिक टन गन्ना पेराई का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से जुड़ने और गन्ना अनुबंध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से कारखाना मजबूत होगा और इसका सीधा लाभ भी किसानों तक पहुंचेगा।
किसानों की सुविधा के लिए डोम निर्माण की घोषणा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कारखाना किसानों की सुविधा और हित को प्राथमिकता देते हुए लगातार आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर करेगा।
उन्होंने सहकारिता को किसानों के लिए लाभकारी व्यवस्था बताते हुए कहा कि सहकारी संस्था में होने वाला लाभ उसके सदस्यों तक पहुंचता है। उन्होंने किसानों से कारखाने के शेयरधारी बनने और गन्ना अनुबंध के माध्यम से इसकी गतिविधियों को मजबूत करने का आग्रह किया। साथ ही किसानों के समर्थन मूल्य बोनस को बढ़ाने के लिए प्रयास का आश्वासन दिया।
किसानों की मेहनत ने कवर्धा को दिलाई नई पहचान : रामविचार नेताम
वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाने की उपलब्धि कवर्धा के किसानों की मेहनत और परिश्रम का परिणाम है। बेहतर गन्ना उत्पादन और उच्च शुगर रिकवरी ने क्षेत्र को नई पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर किसानों को रियायती दर पर शक्कर मिलना खुशी की बात है। सरकार का प्रयास है कि गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और गन्ने का उत्पादन बढ़ाया जाए।
मंत्री ने किसानों के हित में बोनस बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार शक्कर अब उनके ही घरों तक पहुंच रही है, जिससे त्योहारों की खुशियों में मिठास और बढ़ेगी।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे सहित जनप्रतिनिधि, किसान एवं कारखाना प्रबंधन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।



