
प्लास्टिक अपशिष्ट को संसाधन में बदलेगा कबीरधाम सभी ग्राम पंचायतों को यूनिट तक कचरा पहुंचाने के निर्देश।
कबीरधाम, 23 जुलाई 2026। जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में जिला पंचायत कबीरधाम ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के चारों विकासखंड कवर्धा, बोड़ला, पंडरिया एवं सहसपुर लोहारा में अत्याधुनिक प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट स्थापित कर दी हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिषेक अग्रवाल ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं स्वच्छाग्रहियों को निर्देशित किया है कि घर-घर से संग्रहित सिंगल यूज प्लास्टिक सहित अन्य प्लास्टिक अपशिष्ट को तत्काल संबंधित जनपद पंचायत स्तर पर स्थापित प्लास्टिक प्रबंधन यूनिट तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
सीईओ श्री अग्रवाल ने कहा कि “प्लास्टिक कचरा नहीं, बल्कि एक मूल्यवान संसाधन है। आवश्यकता केवल इसके वैज्ञानिक संग्रहण और उचित प्रसंस्करण की है।” उन्होंने बताया कि इन यूनिटों में बेलन मशीन, श्रेडर (Shredder) मशीन एवं फटका मशीन स्थापित की गई हैं, जिनके माध्यम से प्लास्टिक अपशिष्ट का प्रसंस्करण कर उसे पुनः उपयोग योग्य सामग्री में परिवर्तित किया जाएगा। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
यूनिटों में स्थापित प्रमुख मशीनें:
बेलन मशीन: प्लास्टिक को दबाकर गठ्ठा (बेल) बनाने के लिए।
श्रेडर मशीन: प्लास्टिक को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटने के लिए।
फटका मशीन: प्लास्टिक की सफाई एवं रीसाइक्लिंग प्रक्रिया के लिए तैयार करने हेतु।
उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी है कि अपने क्षेत्र में उत्पन्न प्लास्टिक कचरे का खुले में निस्तारण न करते हुए उसका पृथक्करण एवं संग्रहण कर निकटतम प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट तक पहुंचाया जाए।
सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने स्वच्छाग्रहियों की सराहना करते हुए कहा कि “स्वच्छाग्रहियों के समर्पित प्रयासों और जनसहभागिता से ही ‘स्वच्छ कबीरधाम, स्वस्थ कबीरधाम’ का लक्ष्य साकार होगा।” उन्होंने सभी पंचायतों से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।



