
गुरुपूर्णिमा पर गुरु की महिमा का हुआ गुणगान शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला : बीईओ दीपक ठाकुर।
पंडरिया। विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सांवतपुर में गुरुपूर्णिमा पर्व श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री दीपक ठाकुर रहे। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य रूपचंद जायसवाल एवं शैक्षणिक समन्वयक गेंदराम साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर किया गया। अपने उद्बोधन में बीईओ श्री दीपक ठाकुर ने कहा कि गुरु की महिमा अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का विकास करना शिक्षक का प्रमुख दायित्व है। शिक्षक के सतत प्रयासों से ही विचारशील, संस्कारित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। इसलिए प्रत्येक शिक्षक को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
संस्था प्रभारी धनंजय चंद्राकर एवं बैजनाथ साहू ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ी गुरुदक्षिणा होती है।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने बीच विकासखंड शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति पर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से श्री दीपक ठाकुर का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। संकुल प्राचार्य रूपचंद जायसवाल एवं शैक्षणिक समन्वयक गेंदराम साहू ने भी विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा अनुशासनपूर्वक अध्ययन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सरपंच, गणमान्य नागरिकों सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक विनोद तिवारी ने किया।



