
बिजली संकट के खिलाफ कुंडा में जनआक्रोश युवा कांग्रेस के नेतृत्व में विशाल धरना-रैली और तहसील व बिजली विभाग घेराव।
अघोषित बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर, बढ़ते बिल और जनसमस्याओं को लेकर सड़क पर उतरी जनता, बैरिकेड पर पुलिस से हुई झड़प, विधायक का किया प्रतीकात्मक पुतला दहन
कुंडा, कबीरधाम।

बिजली संकट सहित क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला युवा कांग्रेस कबीरधाम के नेतृत्व में कुंडा बस स्टैंड में आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की भागीदारी देखने को मिली। बिजली व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई और स्थानीय जनहित के मुद्दों को लेकर आयोजित इस आंदोलन ने कुंडा क्षेत्र में व्यापक जनआक्रोश का रूप ले लिया।
धरना प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या, बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर व्यवस्था, किसानों के खेतों में विद्युत आपूर्ति में कटौती सहित बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट के कारण किसानों, विद्यार्थियों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही आंदोलन में खाद-बीज की उपलब्धता, जर्जर सड़कों की स्थिति, तहसील में लंबित राजस्व प्रकरण, पेयजल संकट, बंद पड़ी नल-जल योजनाएं, राशन वितरण की अनियमितता, कथित भ्रष्टाचार और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया।
धरना स्थल से विशाल जनआक्रोश रैली निकाली गई, जो कुंडा के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय एवं बिजली विभाग कार्यालय घेराव के लिए रवाना हुई। आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा मार्ग में बैरिकेड लगाकर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बैरिकेड हटाने को लेकर तीखी बहस एवं धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। बाद में प्रदर्शनकारी दूसरे बैरिकेड के पास धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
आंदोलन के दौरान प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की गई कि—
बिजली संकट का स्थायी समाधान किया जाए।
स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए।
बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत दी जाए।
अघोषित बिजली कटौती बंद कर किसानों को नियमित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
जर्जर सड़कों का शीघ्र निर्माण कराया जाए।
किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए।
तहसील में लंबित राजस्व मामलों का जल्द निराकरण किया जाए।
पेयजल एवं राशन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के बाद आंदोलनकारी कुंडा बस स्टैंड पहुंचे, जहां स्थानीय विधायक भावना बोहरा का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता की समस्याओं की अनदेखी के विरोध का प्रतीक बताया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में इससे भी बड़े स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
इस आंदोलन में जिला युवा कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, इंटक कांग्रेस सहित कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



