कबीरधामछत्तीसगढ़

स्वच्छता में ही होता है भगवान का वास जन्मदिन के अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की अपील -ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को बनाएं जनआंदोलन।

स्वच्छता में ही होता है भगवान का वास जन्मदिन के अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की अपील -ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को बनाएं जनआंदोलन।


कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर जिलेवासियों के नाम स्वच्छता को लेकर विशेष संदेश जारी किया गया है। उन्होंने प्रदेश के सभी ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि “स्वच्छता में ही भगवान का वास होता है।” स्वच्छ गांव ही स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर गांव की मजबूत नींव है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को सफल बनाने और इसे जनभागीदारी से जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशवासियों ने घर-घर शौचालय निर्माण में सहयोग दिया, उसी तरह अब हर घर से निकलने वाले कचरे का पृथक्करण करना होगा। जनसहयोग और जागरूकता से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ गांवों का निर्माण संभव है।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत प्रमुख पहल
जिला पंचायत कबीरधाम द्वारा जिले की 60 ग्राम पंचायतों में स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण को अनिवार्य किया गया है। इसके लिए प्रत्येक घर में चार रंगों के डिब्बों के उपयोग के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
हरा डिब्बा: गीला एवं जैविक कचरा — सब्जी, फल के छिलके, बचा हुआ भोजन आदि।
नीला डिब्बा: सूखा कचरा — कागज, प्लास्टिक, कांच, धातु आदि।
लाल डिब्बा: सेनेटरी एवं खतरनाक कचरा — मास्क, सेनेटरी पैड, दवाइयां आदि।
काला डिब्बा: ई-वेस्ट — बैटरी, बल्ब, पुराने मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामग्री।
नियम के प्रमुख प्रावधान
मिश्रित कचरा देना दंडनीय होगा — कचरे को अलग-अलग श्रेणी में देना अनिवार्य है।
स्वच्छताग्रहियों का सम्मान — स्वच्छता कार्यकर्ता गांव की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
सामुदायिक सहभागिता — प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता समितियों का गठन कर जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।
कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन — गीले कचरे से खाद एवं सूखे कचरे का पुनर्चक्रण किया जाएगा।
कचरा खुले में फेंकने और मिलाने से पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का संदेश
विजय शर्मा ने कहा, “जब हम अपने घर से ही कचरे को अलग करना शुरू करेंगे, तभी हमारा गांव बीमारियों से मुक्त होगा और पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। स्वच्छता के प्रति हमारी जिम्मेदारी ही आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण करेगी। आइए, हम सब मिलकर स्वच्छ छत्तीसगढ़, स्वस्थ छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करें।”
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता दीदियों के माध्यम से घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) संजय सोनी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा जन्मदिन के अवसर पर स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर दिया गया संदेश ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिला पंचायत कबीरधाम ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करें और अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
जिला पंचायत कबीरधाम

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button