
कुम्ही-धोबघट्टी संकुल में शिक्षा गुणवत्ता पर समीक्षा बैठक, बीईओ ने दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश

पंडरिया। विकासखंड अंतर्गत कुम्ही एवं धोबघट्टी संकुल की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर ने समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठकों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक प्रधान पाठक विद्यालय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना बनाकर पाठ्यक्रम का समयबद्ध संचालन, विद्यार्थियों का नियमित मूल्यांकन तथा सीखने के स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित करें। साथ ही विभागीय योजनाओं एवं शासकीय निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए।
बैठक में वीएसके उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की ऑनलाइन प्रविष्टि, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण, छात्रवृत्ति, विद्यार्थी प्रोग्रेशन सहित अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालय निरीक्षण के दौरान अनुशासित शैक्षणिक वातावरण, व्यवस्थित कक्षाएं, समय-सारिणी का प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों के सीखने की गुणवत्ता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। बैठक में समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक उपस्थित रहे।



