
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदयपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत।
उदयपुर। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदयपुर में शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष श्रीमती शांतिबाई राजवाड़े ने की। मुख्य अतिथि श्री ओमप्रकाश सिंह तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में जनपद उपाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ सिंहदेव, मंडल अध्यक्ष श्री अखण्ड प्रताप सिंह देवगढ़, श्री प्रबोध सिंह (रामगढ़), SMDC अध्यक्ष श्री कुंजमोहन उइके एवं शिक्षाविद व SMIC सदस्य श्री मोतीलाल राजवाड़े उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कक्षा 6वीं एवं 9वीं में नवप्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का पुष्प एवं तिलक से स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। जनपद उपाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ सिंहदेव ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया, वहीं मंडल अध्यक्ष श्री अखण्ड प्रताप सिंह देवगढ़ ने खेती के आधुनिक तरीकों का उदाहरण देकर जीवन में निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि श्री ओमप्रकाश सिंह ने अनुशासन, परिश्रम एवं शिक्षा के माध्यम से सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। श्री प्रबोध सिंह ने भी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती शांतिबाई राजवाड़े ने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
शिक्षाविद श्री मोतीलाल राजवाड़े ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर अनेक विद्यार्थी आज IAS, SDM, तहसीलदार, पुलिस एवं अन्य उच्च प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण के साथ अध्ययन करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 6वीं एवं 9वीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं लड्डू खिलाकर स्वागत किया गया। उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही कक्षा 9वीं की 22 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्रीमती विमला शर्मा ने किया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 390 विद्यार्थी, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।




