
ODF Plus की सफलता की कुंजी हैं स्वच्छग्रही ये सिर्फ कचरा नहीं उठाते गांव को स्वच्छता का ज्ञान भी देते हैं – सीईओ अभिषेक अग्रवाल।
कबीरधाम। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत जिले के 60 ग्राम पंचायतों को 02 अक्टूबर 2026 तक ठोस अपशिस्ट नियम 2026 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि “ODF Plus की सफलता की कुंजी स्वच्छग्रही हैं। ये सिर्फ कचरा नहीं उठाते, गांव को स्वच्छता का ज्ञान भी देते हैं।”
उन्होंने बताया कि स्वच्छग्रही प्रतिदिन घर-घर जाकर 4 श्रेणी में ठोस अपशिष्ट का संग्रहण करने के साथ-साथ ग्रामीणों को सोर्स सेग्रीगेशन, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण, खतरनाक एवं विशेष कचरे का निपटान तथा जैविक खाद निर्माण एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी भी ग्रामीणों को दे रहे हैं।
ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन में स्वच्छग्रहीयों का योगदान:
- घर-घर कचरा संग्रहण एवं 4 श्रेणी में पृथक्करण
- जनजागरूकता – स्वच्छता, ODF Plus स्थायित्व एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना
- कचरा प्रसंस्करण केंद्रों का संचालन एवं रख-रखाव
- सार्वजनिक स्थान, नालियों एवं बाजारों की नियमित साफ-सफाई एवं निगरानी
- खाना खाने से पहले प्रमुख रूप से साबुन से हाथ धोना तथा शौच से आने के बाद साबुन से हाथ धोने की जानकारी देना
सीईओ अग्रवाल ने कहा कि शौचालय निर्माण के साथ-साथ स्लज का सुरक्षित निपटान और ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक उपचार ठोस अपशिस्ट प्रबंधम नियम 2026 के अनिवार्य घटक हैं। इसी उद्देश्य से जिले में FSTP एवं कचरा प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना की गई है।
उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि स्वच्छग्रहीयों को आवश्यक संसाधन, उपकरण एवं समय पर मानदेय उपलब्ध कराया जाए, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
सीईओ महोदय ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छग्रहीयों के कार्य में सहयोग करें और अपने घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित 4 श्रेणियों में पृथक कर स्वच्छग्रही को ही सौंपें।



