
बरसते पानी में फूटा जनता का गुस्सा: कुई-कुकदूर में बिजली कार्यालय का घेराव जनसमस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस का विशाल जनआंदोलन।
पंडरिया/कुई-कुकदूर, 15 जुलाई। पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदूर में व्याप्त बिजली संकट, स्मार्ट मीटर, अघोषित बिजली कटौती, मनमाने बिजली बिल, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, गन्ना किसानों एवं कारखाना श्रमिकों के लंबित भुगतान तथा कथित घर वापसी कार्यक्रम से जुड़े 750 परिवारों की सूची सार्वजनिक करने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में विशाल जनआक्रोश रैली, धरना-प्रदर्शन और बिजली कार्यालय का घेराव किया गया।

मूसलाधार बारिश के बावजूद सैकड़ों की संख्या में किसान, युवा, महिलाएं, छात्र-छात्राएं, श्रमिक, आदिवासी समाज के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी अटल चौक, कुई में आयोजित आंदोलन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां, बिजली बिल और विभिन्न मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन के बाद विशाल जनआक्रोश रैली बिजली कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड के सामने आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर घंटों तक डटे रहे और जोरदार नारेबाजी करते हुए समस्याओं के समाधान की मांग उठाते रहे।
आंदोलन के दौरान “बिजली की समस्या दूर करो”, “स्मार्ट मीटर बंद करो”, “किसानों को खाद उपलब्ध कराओ”, “गन्ना किसानों का बकाया भुगतान करो”, “कारखाना श्रमिकों का लंबित भुगतान करो” तथा “घर वापसी कार्यक्रम से जुड़े परिवारों की सूची सार्वजनिक करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वनांचल क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और खराब ट्रांसफॉर्मरों के कारण आम जनता, किसान, विद्यार्थी और छोटे व्यवसायी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल राजनीतिक कार्यक्रमों पर ध्यान दिया जा रहा है, जबकि ग्रामीण जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। साथ ही प्रशासनिक कार्यों में भ्रष्टाचार और बिना पैसे के काम नहीं होने के भी आरोप लगाए गए।
आंदोलन के समापन पर प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कुई बाजार में क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा एवं भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में पुतला दहन किया गया।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़ी इन मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।




