
यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते का साकार स्वरूप बना अभिनंदन समारोह नारी शक्ति ने किया डॉ. उषा किरण बाजपेयी का सम्मान।

बिलासपुर। नारी शक्ति बिलासपुर द्वारा रविवार को प्रार्थना संभव भवन में समाजसेवी, विधिवेत्ता एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्व डॉ. उषा किरण बाजपेयी के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। सदस्य किशोर न्याय बोर्ड एवं जिला कुटुंब न्यायालय से सेवाएँ पूर्ण करने के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में समाज, विधि, शिक्षा एवं संस्कृति जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता कर उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भजन संध्या से हुआ। नारी शक्ति संस्था की महिलाओं ने मुख्य द्वार पर रोचना तिलक, आरती एवं पुष्पवर्षा से डॉ. बाजपेयी का स्वागत किया। इस अवसर पर उनके सम्मान में प्रकाशित विशेष पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
समारोह में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री) गणेश शंकर मिश्रा (आईएएस), उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष गौतम चौरड़िया, महापौर पूजा विधानी, गौर कापा धाम के महंत विष्णु गिरी, राष्ट्रपति सम्मानित विदुषी डॉ. पुष्पा दीक्षित, महर्षि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरेश तिवारी तथा छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय पाठक सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने डॉ. उषा किरण बाजपेयी के सामाजिक, विधिक एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. उषा किरण बाजपेयी ने पिछले लगभग 35 वर्षों से महिला सशक्तिकरण, परिवार परामर्श, सामाजिक समरसता, विधिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएँ दी हैं। उन्होंने नारी शक्ति छत्तीसगढ़ संस्था के माध्यम से महिलाओं के सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक निरंतर कार्य किया है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों ने कहा कि आज के समय में डॉ. उषा किरण बाजपेयी जैसी अनुभवी एवं समर्पित व्यक्तित्वों का समाज को निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह आयोजन “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते…” के आदर्श को व्यवहार में उतारने का उत्कृष्ट उदाहरण है।
संस्था की संरक्षक डॉ. शकुंतला जितपूरे ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। संस्था की सभी सदस्याओं ने संयुक्त रूप से अभिनंदन पत्र भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष संध्या शुक्ला ने किया तथा अंत में सचिव श्वेता पांडेय ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शहर के अनेक साहित्यकार, समाजसेवी, अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जारीकर्ता:
श्वेता पांडेय
सचिव, नारी शक्ति संस्था, बिलासपुर



