
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जलाया जाएगा आशीर्वाद का दीप
जन-मन योजना से वनांचल क्षेत्रों में पहुंची मूलभूत सुविधाएं, हितग्राहियों से दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देने की अपील
कुकदुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीप जलाने का आह्वान किया गया है। भाजपा मंडल कुकदुर के अंतर्गत बैगा एवं आदिवासी बाहुल्य वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले उन हितग्राहियों से अपने-अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति आशीर्वाद व्यक्त करने की अपील की गई है, जिन्हें केंद्र सरकार की जन-मन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है।
अभियान के आयोजकों के अनुसार, वनांचल, पहाड़ी क्षेत्रों, पारा-टोला एवं दूरस्थ कस्बों में रहने वाले लोगों तक बिजली, सड़क, पानी, आवास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं से क्षेत्र के अनेक परिवार लाभान्वित हुए हैं।
इसी क्रम में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शासन एवं भाजपा संगठन स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा मंडल कुकदुर ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया है। साथ ही आम नागरिकों से भी 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने घरों में आशीर्वाद का दीप जलाकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की गई है।
अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं का कहना है कि इसका उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा सेवा एवं जनकल्याण के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना है।



