कबीरधामछत्तीसगढ़

पंडरिया विधायक भावना बोहरा की नई पहल, नए सत्र से वनांचल क्षेत्र कुई-कूकदूर एवं कुंडा महाविद्यालय की छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क बस सुविधा

पंडरिया विधायक भावना बोहरा की नई पहल, नए सत्र से वनांचल क्षेत्र कुई-कूकदूर एवं कुंडा महाविद्यालय की छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क बस सुविधा

पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा कुंडा और कुई कुकदुर की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु आगामी सत्र से निःशुल्क बस सेवा की होगी शुरुआत

● अब विधानसभा में कुल 10 निःशुल्क बस सेवाओं का होगा संचालन
● 1000 से अधिक छात्राओं को मिल चुका है लाभ

पंडरिया विधानसभा की बेटियों की शिक्षा, सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विधायक भावना बोहरा द्वारा एक और सराहनीय एवं संवेदनशील पहल की जा रही है। आगामी शैक्षणिक सत्र से वनांचल क्षेत्र कुई कुकदुर और कुंडा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों की बेटियों को सुरक्षित, सुगम और नियमित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें उच्च शिक्षा से जोड़ना है। पंडरिया विधानसभा के अनेक ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में आज भी छात्राओं को महाविद्यालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। परिवहन सुविधा के अभाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण कई बार बेटियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। विधायक भावना बोहरा ने इन समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए बेटियों की शिक्षा को बाधित न होने देने का संकल्प लिया है। इस नई सेवा के प्रारंभ होने के साथ ही पंडरिया विधानसभा में विधायक भावना बोहरा द्वारा संचालित कुल 10 निःशुल्क बस सेवाओं का संचालन होगा। अब तक इन सेवाओं से 1000 से अधिक महाविद्यालयीन छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। यह पहल न केवल छात्राओं को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध करा रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति निरंतरता को भी मजबूत कर रही है। कुई-कुकदुर महाविद्यालय हेतु बस सेवा ग्राम अमनिया से प्रारंभ होकर ग्राम नेऊर, कुशियारी, दमगढ़, लुढुटोला, उपका, अमेरा, कुकदुर की छात्राओं को लेकर कुई-कुकदुरमहाविद्यालय पहुंचेगी वहीं कुंडा महाविद्यालय हेतु बस ग्राम पेंड्रीकला, बसनी, घोरपेंड्री, कोलेगांव, दामापुर, खैरातुलसी, कोदवाकला, पंवरजली, दुल्लीपारा, माकरी, खैलटुकरी की छात्राओं को लेकर कुंडा महाविद्यालय पहुंचेगी। इस निःशुल्क बस सेवा का लाभ लेने के लिए मोबाइल नंबर 9754462000 एवं 9755359004 पर छात्राएं व उनके परिजन संपर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इसी दिशा में विधायक भावना बोहरा जी द्वारा पूर्व में 8 निःशुल्क बस कवर्धा, सहसपुर लोहारा, पंडरिया, पांडातराई एवं पिपरिया महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए संचालित की जा रही हैं जो यथावत संचालित होंगी। यह निःशुल्क बस सेवा बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा जहाँ उन्हें सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है वहीं वे अपने उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होकर अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रही है। इसके साथ ही विधायक भावना बोहरा के इस पहल से क्षेत्र में बेटियों की ड्रापआउट दर में भी कमी आई है और अधिक से अधिक बेटियां आज शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। इस सुविधा के साथ ही उन बेटियों के परिजनों को भी मानसिक संबल मिला है जिन्हें अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी, अब यह बस छात्राओं के गाँव-गाँव और घरों तक पहुँच रही है साथ ही उन्हें सुरक्षित महाविद्यालय से घर भी पहुँचाने का काम कर रही। अब पंडरिया विधानसभा में आवागमन बेटियों के लिए बाधा नहीं बन रही है बल्कि सड़कों पर दौड़ती यह बस उनके लिए नए अवसर लेकर आ रही है। क्षेत्रवासियों एवं अभिभावकों ने विधायक भावना बोहरा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक बस सेवा नहीं, बल्कि वनांचल क्षेत्र की बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रयास है। इससे छात्राओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा और अभिभावकों का विश्वास भी मजबूत होगा।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने कहा कि कोई भी बेटी केवल दूरी, सुविधा या संसाधनों की कमी के कारण अपनी पढ़ाई से वंचित न रहे, यही उनका प्रयास है। पंडरिया विधानसभा में शिक्षा, सुरक्षा और सुविधा को साथ लेकर निरंतर कार्य किए जा रहे हैं ताकि क्षेत्र की बेटियां आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार, समाज और प्रदेश के साथ ही हम सभी का नाम रोशन कर सकें। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को लेकर लगातार सकारात्मक कार्य हो रहे हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए हमने पंडरिया विधानसभा में बेटियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास कर रहें है। हमने भावना दीदी की गारंटी में क्षेत्र की बेटियों से यह संकल्प किया था कि पूर्व में संचालित इस निःशुल्क बस सेवा का पूरे पंडरिया विधानसभा में विस्तार किया जाएगा इस दिशा में आज वह संकल्प पूरा होने जा रहा है जिसे लेकर मन में बहुत ही प्रसन्नता है कि हमारी बेटियां अब शिक्षा से वंचित नहीं बल्कि अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ रहीं हैं और अपने सपनों को पूरा कर रहीं हैं। आज जनता की सेवा और सुविधा के लिए हम निरंतर प्रयास कर रहें हैं। आपातकालीन सेवा हेतु 8 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, बेहतर स्वास्थ्य हेतु निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब का संचालन, पंडरिया से रायपुर अपने परिवार के सदस्य के उपचार हेतु रायपुर में परिजनों के ठहरने व भोजन हेतु पंडरिया सेवा सदन, क्षेत्र के युवाओं के सपनों को पूरा करने व उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग में IIT-JEE, NEET और CGPSC की निःशुल्क कोचिंग, जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र जैसी विभिन्न सेवाओं के माध्यम से जनता की सेवा और उन्हें सुविधा देने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहें हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में बेटियों की शिक्षा के प्रति जनजागरूकता और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में अपनी सहभागिता निभाते हुए क्षेत्र की बेटियों से किये अपने वादों को हम पूरा करने जा रहे हैं। यह मेरे लिए एक अत्यंत ही गौरव का क्षण है कि भावना दीदी की गारंटी में हमने जनता से जो वादा किया था और जनता ने विश्वास प्रकट कर अपनी सेवा का जो अवसर मुझे दिया उस विश्वास के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए हम एक और गांरटी को पूरा करने जा रहे हैं। इस सेवा के माध्यम से उन सभी बेटियों के परिजनों को भी आर्थिक और मानसिक संबल मिलेगा जो आवागमन की कमी होने की वजह से अपनी बेटियों की सुरक्षा के प्रति चिंतित रहते थे और महाविद्यालय भेजने में संकोच करते थे। परन्तु अब बेटियां अपने घरों से निकलकर महाविद्यालय पढ़ने जा रही हैं और उन्हें सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस बस सेवा का लाभ लेने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया आगामी माह जून से प्रारंभ होगी और छात्राएं अपने नजदीकी जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र (विधायक कार्यालय) में संपर्क करके पंजीयन फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं और उसमें पूछी गई जानकारी को अंकित करके पुनः उसी केंद्र में जमा करना होगा जहाँ से उनका पंजीयन पूर्ण कर पहचान पत्र दिया जाएगा। कुंडा और कुई कुकदुर महाविद्यालय में इस निःशुल्क बस सेवा के संचालन हेतु समय सारिणी भी तय की जा चुकी है और किन-किन ग्रामों में किस समय छात्राओं को उपस्थित रहना होगा उसकी सूचना भी जल्द ही दी जाएगी।

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button