
दुकान के दो ताले तोड़कर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात; पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग।

कुकदूर । कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के पोलमी बाजार में सोमवार देर रात एक किराना एवं लोक सेवा केंद्र में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित दुकानदार स्वागत राम शिव ने थाना कुकदूर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि देर रात दुकान के दोनों ताले तोड़कर अंदर घुसे आरोपी ने करीब 50 हजार से 1 लाख रुपये नकद, एक मॉनिटर, मोबाइल से संबंधित सामग्री तथा अन्य स्टेशनरी सामान चोरी कर लिया।
पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले कैमरे में स्पष्ट दिखाई देता है, लेकिन बाद में दुकान के अंदर जाकर सीसीटीवी कैमरा बंद कर देता है, जिससे आगे की गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकीं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दुकान से लगी दूसरी दुकान का भी ताला तोड़ने का प्रयास किया गया, हालांकि वहां चोरी नहीं हो सकी।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई, चोरी गए सामान की बरामदगी तथा क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है, तो आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहेगा? स्थानीय लोगों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




