कबीरधामछत्तीसगढ़

कुकदुर वनांचल के अमलीटोला में नवीन आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण विधायक भावना बोहरा ने विकास कार्यों की दी सौगात

कुकदुर वनांचल के अमलीटोला में नवीन आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण विधायक भावना बोहरा ने विकास कार्यों की दी सौगात

कुकदुर, कबीरधाम। कबीरधाम जिले के कुकदुर वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बदना के आश्रित ग्राम अमलीटोला में ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की सौगात मिली। क्षेत्रीय विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने ग्रामवासियों की उपस्थिति में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन का निरीक्षण कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों से संवाद किया तथा क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न आवश्यक कार्यों की घोषणा भी की।

लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और ग्रामीणों ने नवीन भवन के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं विधायक का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी केवल एक भवन नहीं है, बल्कि यह हमारे बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। यहीं से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं तथा संस्कारों की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब बच्चों को बचपन से ही बेहतर शिक्षा, पोषण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध तरीके से पहुंचें। इसी सोच के साथ प्रदेशभर में आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण एवं उन्नयन किया जा रहा है ताकि माताओं और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मातृ एवं शिशु कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नवीन आंगनबाड़ी भवन के माध्यम से अब गांव के बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा मिलेगी, वहीं गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ भी बेहतर तरीके से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन आने वाले वर्षों में ग्राम अमलीटोला के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को भी गंभीरता से सुना। उन्होंने क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराने तथा चरणबद्ध तरीके से पूरा कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ गांव-गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचा रही है और वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार तथा आधारभूत संरचना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने नवीन आंगनबाड़ी भवन के लोकार्पण को ग्राम अमलीटोला के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रदेश सरकार और विधायक भावना बोहरा का आभार व्यक्त किया।

VIKASH SONI

Founder & Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button