कबीरधामछत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री जनमन योजना से वनांचल के विकास को मिली नई रफ्तार
प्रधानमंत्री जनमन योजना से वनांचल के विकास को मिली नई रफ्तार
बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक 3 किलोमीटर पक्की सड़क बनने से वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान, ग्रामीणों में खुशी
कबीरधाम। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। वर्षों तक बरसात के मौसम में कीचड़, उबड़-खाबड़ और दुर्गम रास्तों की कठिनाइयों से जूझने वाले ग्रामीण आज पक्की सड़कों पर सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ उठा रहे हैं। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत दूरस्थ गांवों तक सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएं पहुंचने से ग्रामीणों का जीवन आसान होने के साथ-साथ विकास को भी नई गति मिली है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग द्वारा कबीरधाम जिले के कवर्धा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण 143.82 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र की लगभग 135 बसाहटों के हजारों ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो गई है। सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच पहले की अपेक्षा काफी आसान हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले बरसात के दिनों में गांव से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं था। जगह-जगह कीचड़, फिसलन और कच्चे रास्तों के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों को स्कूल भेजने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को घंटों पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता था।
ग्राम बांटीपथरा एवं पढ़ियाधरान के निवासी राजेन्द्र कुमार मरकाम ने बताया कि पहले गांव से बाहर निकलना बेहद मुश्किल था। विशेषकर बरसात के मौसम में रास्ते पूरी तरह कीचड़ से भर जाते थे, जिससे पैदल चलना भी कठिन हो जाता था। मरीजों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती थी। अब पक्की सड़क बनने के बाद गांव से स्कूल, अस्पताल, बाजार और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना आसान हो गया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आई है।
इसी गांव के निवासी नन्हें सिंह मरकाम ने बताया कि पहले बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक जाने के लिए कोई पक्का मार्ग नहीं था। बरसात के समय रास्ते दलदल में बदल जाते थे और कई बार लोगों को घंटों तक पैदल चलना पड़ता था। आज पक्की सड़क बनने से गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब वाहन आसानी से गांव तक पहुंच रहे हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने, विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने तथा मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में काफी सुविधा मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से गांव का सामाजिक और आर्थिक विकास भी तेज हुआ है। पहले जहां परिवहन की कमी के कारण लोग आवश्यक कार्यों के लिए भी परेशान रहते थे, वहीं अब आवागमन सुगम होने से रोजगार, व्यापार और सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल रहा है। इससे वनांचल क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत वनांचल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दूरस्थ और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक निर्मित यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्रामीणों के बेहतर भविष्य, सुरक्षित आवागमन, सामाजिक विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
आज इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क से आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे तथा वनांचल क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।





