
नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के विरोध में एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, प्रधानमंत्री एवं शिक्षा मंत्री का पुतला दहन
कवर्धा, 14 मई 2026 एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विनोद जाखड़ व प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय जी के आदेश पर व कबीरधाम जिला अध्यक्ष शितेश चन्द्रवंशी के निर्देश पर आज कवर्धा के सिग्नल चौक स्थित कांग्रेस भवन में नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान छात्र कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध नारे लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला दहन किया। इसके पश्चात कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रस्तुत कर परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जाँच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की माँग की गई।


कार्यक्रम का नेतृत्व पंडरिया विधानसभा अध्यक्ष देवव्रत चन्द्रवंशी तथा बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर देवव्रत चन्द्रवंशी ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का छल स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा की पवित्रता भंग हुई है, तो दोषियों को कठोरतम दंड मिलना चाहिए और प्रभावित विद्यार्थियों को पूर्ण न्याय मिलना चाहिए।
दुर्गेश जायसवाल ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थी दिन-रात परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। यदि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएँ होती हैं, तो यह उनकी मेहनत, आशाओं और विश्वास पर सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय छात्र संगठन विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगा।
छात्र नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र में लगभग छह सौ अंकों के प्रश्न पूर्व में प्रसारित प्रश्नपत्र से अक्षरशः मेल खाते पाए गए हैं। यहाँ तक कि प्रश्नों के विकल्प भी उसी क्रम में पाए जाने से परीक्षा की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है। यह देश के लाखों परिश्रमी विद्यार्थियों के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है।
इस अवसर पर एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण वर्मा,खेमचंद चन्द्रवंशी, मुन्ना खान,योगेन्द्र जोशी,जयंत भिवाष,मारुती तितशि,कृष्ना योगी,जागस्तर यदु,दिपासु चंद्रवंशी,पंचराम दुबे,गौतम कुगोयल,ललित टांडिया,पंचराम धुर्वे,जोहित मेरावी सहित जिला, विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



