Blog

क्यूआर कोड से खुलेगा रसायन का डिजिटल संसार, कामठी स्कूल में शुरू हुई अनोखी डिजिटल केमिस्ट्री लैब

पंडरिया – जिला मुख्ख्याल से 55किलोमीटर दूर वनांचल में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक कुमार ठाकुर एवं बीआरसी पंडरिया श्री राम मुरारी यादव के करकमलों से डिजिटल केमिस्ट्री लैब का शुभारंभ किया गया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने व्याख्याता तुलस की इस अनोखी पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल केमिस्ट्री लैब से विद्यार्थियों के लिए निश्चित रूप से बेहद उपयोगी साबित होगी। बच्चों को आधुनिक माध्यम से रसायन विज्ञान के प्रयोगों को समझने का अच्छा प्लेटफार्म है उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में इस प्रकार का पहला प्रयास प्रतीत होता है, जिसके लिए चंद्राकर को बधाई दी।

उन्होंने आगे कहा कि तुलस राम चंद्राकर द्वारा अपनी कक्षाओं में विभिन्न गतिविधियों एवं नवाचारों के माध्यम से रसायन विज्ञान की शिक्षण को रोचक बनाया जा रहा है। डिजिटल लैब से विद्यार्थियों को प्रायोगिक ज्ञान प्राप्त करने में विशेष लाभ मिलेगा।

संसाधनों की कमी बनी प्रेरणा, शुरू हुई डिजिटल पहल

व्याख्याता तुलस राम चंद्राकर ने बताया कि विद्यालय में कई बार प्रयोगशाला सामग्री एवं स्थान की सीमित उपलब्धता के कारण सभी प्रायोगिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सामने कराना संभव नहीं हो पाता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पिछले एक वर्ष से से डिजिटल केमिस्ट्री लैब की परिकल्पना पर कार्य किया जा रहा था, जिसका परिणाम आज इस लैब के शुभारंभ के रूप में सामने आया।

इस डिजिटल लैब की सबसे खास बात यह है कि इसमें विभिन्न रासायनिक प्रयोगों एवं विषयवस्तु के लिए QR कोड आधारित डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थी QR कोड स्कैन कर तथा url लिंक से संबंधित प्रयोग एवं जानकारी स्वयं देख सकेंगे, डिजिटल माध्यम से प्रैक्टिकल करेंगे,समझेंगे और अपने नोट्स भी तैयार करेंगे। इससे विद्यार्थियों में स्वयं सीखने, प्रयोग करने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने का अवसर मिलेगा।

चंद्राकर ने बताया कि इस डिजिटल लैब की शुरुआत उन्होंने स्वयं के प्रयास एवं निजी संसाधनों से की है। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह

विद्यालय के प्राचार्य ने भी इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम से रसायन विज्ञान जैसे प्रायोगिक विषय को विद्यार्थियों तक सरल एवं रोचक तरीके से पहुंचाना निश्चित रूप से शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने डिजिटल केमिस्ट्री लैब का अवलोकन किया तथा इस पहल की सराहना की। कामठी जैसे ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र में विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ने की यह पहल शिक्षा में नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button