Blog

भावना दीदी की साइंस पाठशाला से खुल रहे आधुनिक शिक्षा के नए द्वार, वनांचल के बच्चे भी उड़ा रहे ड्रोन और सीख रहें AI एवं रोबोटिक्स

पंडरिया -पंडरिया विधानसभा के वनांचल के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने और उन्हें आधुनिक शिक्षा के अवसरों से जोड़ने की दिशा में विधायक भावना बोहरा की विशेष पहल ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रही है। इसी कड़ी में 12 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुकदूर में भावना दीदी की साइंस पाठशाला की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के कक्षा 10वीं,11वीं एवं 12वीं के लगभग 216 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कभी आधुनिक तकनीक को केवल किताबों और मोबाइल की स्क्रीन पर देखने वाले वनांचल के बच्चे आज अपने हाथों से ड्रोन उड़ाना, रोबोट संचालित करना और 3D प्रिंटिंग की बारीकियां सीख रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी और STEM आधारित शिक्षा से जुड़कर ये विद्यार्थी विज्ञान को केवल पढ़ नहीं रहे, बल्कि उसे समझने, प्रयोग करने और नए आविष्कारों की संभावनाओं को पहचानने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यह पहल इस विश्वास को मजबूत करती है कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर गांव और वनांचल के बच्चे भी नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों की बुनियादी जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। ड्रोन टेक्नोलॉजी के माध्यम से उड़ान और उसके उपयोगों को समझने, रोबोटिक्स के जरिए तकनीकी कौशल विकसित करने तथा 3D प्रिंटिंग की प्रक्रिया से परिचित होने का अवसर मिला। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और STEM आधारित गतिविधियों ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार के प्रति उत्सुकता को प्रोत्साहित किया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा की इस पहल का उद्देश्य पंडरिया विधानसभा के शासकीय एवं शिशु मंदिर विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियां उनके सपनों की राह में बाधा न बनें। ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से बच्चों को भविष्य की तकनीकों से परिचित कर उन्हें वैज्ञानिक, इंजीनियर, तकनीकी विशेषज्ञ और नवाचारकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस पहल के माध्यम से पंडरिया विधानसभा के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी आधुनिक शिक्षा की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। इसका लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें प्रयोग, अनुभव और तकनीकी प्रशिक्षण के जरिए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। आज ड्रोन उड़ाने और रोबोट संचालित करने का अनुभव प्राप्त कर रहे यही बच्चे कल नए आविष्कारों और तकनीकी समाधानों के माध्यम से अपने क्षेत्र, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ केवल एक कार्यशाला नहीं, बल्कि वनांचल के बच्चों के सपनों को तकनीक, अवसर और आत्मविश्वास से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा का संकल्प है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा मिले, हर प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिले और पंडरिया का विद्यार्थी भी भविष्य की तकनीकी दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button