
छात्र अधिकार पदयात्रा सफलतापूर्वक संपन्न छात्रों के संघर्ष को मिली बड़ी सफलता।
कवर्धा, 25 जुलाई 2026 NEET एवं CBSE परीक्षा में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के विरोध तथा जंतर-मंतर, नई दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ आज कवर्धा में विशाल छात्र अधिकार पदयात्रा का आयोजन किया गया। गांधी मैदान चौक से प्रारंभ होकर कांग्रेस भवन होते हुए भारत माता चौक तक निकली इस पदयात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लेकर शिक्षा, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग बुलंद की।
इस कार्यक्रम को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) का पूर्ण समर्थन प्राप्त रहा। एनएसयूआई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर छात्रों के अधिकारों की इस लोकतांत्रिक लड़ाई में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शितेष चंद्रवंशी ने कहा कि NEET एवं CBSE परीक्षा में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं तथा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज ने देश के युवाओं को झकझोर दिया है। देशभर के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर यह साबित कर दिया है कि छात्रों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं ने ठान लिया है कि छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी करने वाली सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से हटाना है। शिक्षा, रोजगार और छात्रों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का अन्याय अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक छात्रों, युवाओं और देश के आम नागरिकों को न्याय, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और सम्मान नहीं मिल जाता।
एनएसयूआई शहर अध्यक्ष हरदीप पात्रे ने बताया कि छात्र अधिकार पदयात्रा में छात्रों, युवाओं एवं नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा और छात्रों के अधिकारों का प्रश्न पूरे समाज का प्रश्न बन चुका है। उन्होंने कहा कि छात्र हितों की रक्षा, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष भविष्य में भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।
कार्यक्रम के समापन के लगभग आधे घंटे बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की घोषणा हुई। छात्रों ने इसे देशभर में NEET एवं CBSE परीक्षा में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के विरोध में संघर्षरत छात्र-छात्राओं एवं युवाओं की बड़ी लोकतांत्रिक जीत बताया।
छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और छात्र हितैषी नहीं बनती, तब तक छात्रों का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भीष्म पांडे, एनएसयूआई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



