पंडरिया जोन की शैक्षणिक समीक्षा बैठक स्वामी आत्मानंद स्कूल में संपन्न: बीईओ दीपक ठाकुर ने ली मिडिल स्कूल के प्रधान पाठकों की बैठक


पंडरिया (कबीरधाम)। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्री दीपक ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में 12 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पंडरिया में पंडरिया जोन की महत्वपूर्ण शैक्षणिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पंडरिया जोन के अंतर्गत आने वाले समस्त शासकीय एवं प्राइवेट प्राथमिक तथा मिडिल स्कूलों के प्रधान पाठक अनिवार्य रूप से सम्मिलित हुए। बैठक के दौरान विद्यालयीन शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने और क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन समीक्षा एवं चर्चा की गई।बैठक में छात्रवृत्ति और शासकीय योजनाओं के सुचारू संचालन हेतु 12 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले संकुल स्तरीय विशेष कैंप में कक्षा पहली से बारहवीं तक के सभी छात्र-छात्राओं का बैंक खाता, mbu शत-प्रतिशत अपडेट करने के कड़े निर्देश दिए गए। साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के लिए कक्षा 3री से 5वीं तक के बच्चों को 20 तक पहाड़ा व हिन्दी पठन तथा कक्षा 6वीं से 8वीं तक के बच्चों को 25 तक पहाड़ा व अंग्रेजी पठन अनिवार्य रूप से कंठस्थ कराने को कहा गया। प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए VSK App और cgschool.in पोर्टल के माध्यम से ही शिक्षकों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की बात दोहराई गई। इसके अतिरिक्त शाला त्यागी व पलायन करने वाले बच्चों की ट्रैकिंग करने, मध्यान्ह भोजन मेनू का कड़ाई से पालन करने, स्कूल परिसर के 100 मीटर के दायरे को पूर्णतः नशामुक्त रखने, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत स्कूल रेटिंग सुधारने और ‘बैगलेस डे’ के दिन बच्चों को नवोदय व प्रयास विद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने तथा प्रार्थना सभी शालाओं में क्रमबद्ध तरीके से लाउडस्पीकर से ही कराने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक के अंत में बीईओ श्री दीपक ठाकुर ने सभी शासकीय व निजी शालाओं के प्रधानपाठकों से सीधे फीडबैक लिया और शिक्षकों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि विद्यार्थी का समग्र विकास ही विद्यालय की असली सफलता है, उन्होंने हर परिस्थिति में पूरे विद्यालय परिवार को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।