

कवर्धा में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के दो अलग-अलग मामलों में सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पहला मामला पुराने बस स्टैंड स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कॉम्प्लेक्स के पास का है। जहां धारदार चाकू लहराकर लोगों को धमकाने के आरोप में 22 वर्षीय रानू पटेल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 11 इंच लंबा धारदार चाकू जब्त किया है।
वहीं, दूसरा मामला पीजी कॉलेज ग्राउंड का है। यहां धारदार फरसा लहराकर लोगों को डराने और मारने की धमकी देने के आरोप में 24 वर्षीय हाफिस खान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब साढ़े 18 इंच लंबा लोहे का फरसा जब्त किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।



