कुई जोन की शैक्षणिक समीक्षा बैठक संपन्न, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर बीईओ दीपक ठाकुर ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पंडरिया (कबीरधाम)। संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्री दीपक ठाकुर ने 12 अक्टूबर को पंडरिया विकासखंड के पोलमी हाई स्कूल में कुई जोन की शैक्षणिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में कुई जोन के अंतर्गत आने वाले नौ संकुलों की शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठक शामिल हुए। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई। छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले संकुल स्तरीय विशेष शिविरों में कक्षा पहली से बारहवीं तक के सभी विद्यार्थियों के बैंक खातों तथा एमबीयू (MBU) अपडेट का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने के लिए कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के बच्चों को 20 तक पहाड़े याद कराने तथा हिंदी पठन में दक्ष बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं, कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों को 25 तक पहाड़ा कंठस्थ कराने और अंग्रेजी पढ़ने में दक्ष बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करना विद्यालयों की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासनिक पारदर्शिता और नियमितता सुनिश्चित करने के लिए VSK App एवं cgschool.in पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शाला त्यागी एवं पलायन करने वाले बच्चों की पहचान और ट्रैकिंग, मध्यान्ह भोजन के निर्धारित मेनू का पालन तथा विद्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे को पूर्णतः नशामुक्त रखने पर जोर दिया गया। बैठक में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विद्यालयों की रेटिंग में सुधार लाने, बैगलेस डे के अवसर पर विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय एवं प्रयास विद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने तथा सभी शालाओं में प्रार्थना सभा का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में बीईओ श्री दीपक ठाकुर ने प्रधान पाठकों से विद्यालयों की समस्याओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का समग्र विकास ही विद्यालय की वास्तविक सफलता है। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों से समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया तथा हर परिस्थिति में विद्यालय परिवार को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस बैठक में कुई, बदना, नेऊर, भाकुर, सेंदुरखार, मुनमुना, चतरी,चिंयाडांड़ एवं पोलमी सहित संबंधित संकुलों के प्रधान पाठक सम्मिलित हुए। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र की शासकीय शालाओं में शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाना तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा। रघुनंदन गुप्ता द्वारा मंच संचालन किया गया।


